रविवार, 1 जुलाई 2012

बेटी बचाने के लिए मैदान में उतरेंगी आईटी विलेज की गौरी

सोमवार को आईटी विलेज में किया जाएगा महिला ग्रामसभा का आयोजन

 बीबीपुर ग्राम पंचायत का लोगो।
नरेंद्र कुंडू
जींद।
आईटी विलेज बीबीपुर की गौरी अब चूल्हे-चौके के साथ-साथ बेटी बचाने के लिए मैदान तैयार करेंगी। इसी कड़ी के तहत सोमवार को गांव में महिला ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद महिला ग्राम सभा का आयोजन करने वाली देश की यह पहली ग्राम पंचायत बन जाएगी। कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ शंखनाद करने से पहले महिलाएं ग्राम सभा में विधिवत रुप से रेजुलेशन डालकर प्रस्ताव पास करवाएंगी। ग्राम सभा में ग्रामीण महिलाओं के अलावा जिला प्रशासन की तरफ से विभिन्न विभागों से महिला अधिकारी भी भाग लेंगी। मिनिस्ट्री आफ पंचायती राज के निर्देशानुसार ही गांव में महिला ग्राम सभा का आयोजन करवाया जा रहा है। पंचायत की उपलब्धियों को देखते हुए गत 29 मई को मिनिस्ट्री आफ पंचायती राज नई दिल्ली की टीम ने गांव का दौर कर महिलाओं को भी ग्रामसभा में शामिल करने के निर्देश दिए थे।
देश की पहली हाईटैक पंचायत बीबीपुर में सोमवार को पहली महिला ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। महिला ग्राम सभा के आयोजन के बाद आईटी विलेज की पंचायत के खाते में एक उपलब्धि ओर जुड़ जाएगी। देश की यह पहली पंचायत बन जाएगी जो महिला ग्राम सभा का आयोजन करेगी। इससे पहले आज तक पूरे देश में किसी भी पंचायत ने महिला ग्राम सभा का आयोजन नहीं किया है। मिनिस्ट्री आफ पंचायती राज के निर्देशानुसार ही पंचायत द्वारा महिला ग्राम सभा का आयोजन करवाया जा रहा है। पंचायत की उपलब्धियों को देखते हुए गत 29 मई को मिनिस्ट्री आॅफ पंचायती राज की एक टीम पंचायती राज के अतिरिक्त सचिव डॉ. ऋर्षिकेश पांडा के नेतृत्व में गांव के दौरे पर पहुंची थी। इस टीम के सदस्यों ने कन्या भ्रूण हत्या को रोकने, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने तथा गांव के विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ही महिलाओं को भी ग्रामसभा में शामिल करने के निर्देश दिए थे। पंचायत द्वारा विधिवत रुप से महिला ग्राम सभा का आयोजन करवाया जाएगा तथा ग्राम सभा की वीडियो रिर्काडिंग करवाकर बीडीपीओ की मार्फत मिनिस्ट्री आफ पंचायती राज को भेजी जाएगी। सोमवार को होने वाली महिला ग्रामसभा में ग्रामीण महिलाओं के अलावा बीडीपीओ, आईसीपीएस सैल से सीडीपीओ, आंगनवाड़ी वर्कर, आशा वर्कर, स्वास्थ्य विभाग तथा जिला प्रशासन की अन्य महिला अधिकारी भी भाग लेंगी। ग्राम सभा में महिला अधिकारियों की उपस्थिति में ही ग्रामीण महिलाओं द्वारा पंचायत में कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए रेजुलेशन डाल कर प्रस्ताव पास करवाया जाएगा। कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के साथ-साथ महिलाओं से ग्राम सभा में महिलाओं में जागरुकता लाने के बारे में भी सुझाव मांगे जाएंगे।

कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए उठाया कदम

ग्राम पंचायत गांव के विकास के साथ-साथ सामाजिक गीतिविधियों में भी सहयोग कर रही है। आज समाज के सामने कन्या भ्रूण हत्या एक गंभीर विषय बना हुआ है। कन्या भ्रूण हत्या को रोकने में सबसे अहम योगदान महिलाएं दे सकती हैं। इसलिए ग्राम पंचायत द्वारा कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए महिला ग्रामसभा का आयोजन करवाया जा रहा है।
सुनील जागलान, सरपंच
ग्राम पंचायत बीबीपुर, जींद

क्या कहती हैं बीडीपीओ

मिनिस्ट्री आफ पंचायती राज नई दिल्ली की एक टीम ने गांव का दौरा किया था। टीम ने पंचायत को कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए महिलाओं को भी ग्रामसभा में शामिल करने के निर्देश दिए थे। जिसके आधार पर बीबीपुर गांव में सोमवार को महिला ग्रामसभा का आयोजन करवाया जा रहा है। ग्राम सभा में जिला प्रशासन की तरफ से विभिन्न विभागों से महिला अधिकारी भी भाग लेंगी।
नीलम अरोड़ा
बीडीपीओ, जींद

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें