मंगलवार, 23 सितंबर 2014

तीन एमएम के कीट ने निकाला कीट वैज्ञानिकों व किसानों का पसीना

सफेद मक्खी के प्रकोप से हिसार, भिवानी व जींद में हजारों एकड़ फसल तबाह
चौ. चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कीट वैज्ञानिक भी नहीं ढूंढ़ पा रहे सफेद मक्खी का तोड़

नरेंद्र कुंडू 
जींद। महज तीन मिलीमीटर के कीट सफेद मक्खी ने बड़े-बड़े कीट वैज्ञानिकों व किसानों के पसीने निकाल कर रख दिये हैं। चौ. चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कीट वैज्ञानिक भी इस कीट का तोड़ नहीं ढूंढ़ पाए हैं। हिसार कृषि विश्वविद्यालय के कीट वैज्ञानिकों के लिए सफेद मक्खी नामक यह कीट चुनौती बनी हुई है। क्योंकि किसान इस कीट को नियंत्रित करने के लिए जितना भी कीटनाशकों का प्रयोग फसल में कर रहे हैं, सफेद मक्खी का प्रकोप उतना ही ज्यादा बढ़ रहा है। हिसार कृषि विश्वविद्यालय की ठीक नाक के नीचे हिसार, भिवानी व जींद में हजारों एकड़ कपास की फसल सफेद मक्खी के प्रकोप से तबाह हो चुकी हैं। जहां-जहां इस कीट को नियंत्रित करने के लिए किसानों ने कीटनाशकों का प्रयोग किया है, वहां-वहां पर इसके उल्टे परिणाम सामने आ रहे हैं। हिसार, भिवानी व जींद के किसानों के सामने ऐसे हालात पैदा हो चुके हैं कि किसान फसलों की हालत को देखकर आत्महत्या करने पर मजबूर हो रहे हैं लेकिन हिसार कृषि विश्वविद्यालय के कीट वैज्ञानिकों को शायद तीन मिलीमीटर के इस सफेद कीट के काले कारनामे नजर नहीं आ रहे हैं।
सफेद मक्खी के प्रकोप के बाद खराब हो चुकी कपास की फसल।

2001 में अमेरिकन सूंडी और 2005 में मिलीबग ने मचाई थी तबाही

जब-जब भी कीटनाशकों की सहायता से कीटों को नियंत्रित करने के प्रयास किये गए हैं, तब-तब यह कीट बेकाबू हुए हैं। वर्ष 2001 में अमेरिकन सूंडी तथा 2005 में मिलीबग द्वारा मचाई गई तबाही इसका प्रमाण हैं। 2001 में अमेरिकन सूंडी को काबू करने के लिए किसानों ने कपास की फसलों में 30 से 40 स्प्रे किए थे लेकिन उसके बाद भी यह कीट काबू नहीं हुआ और परिणाम शून्य रहे। इस तीन सेंटीमीटर के कीट ने पूरी की पूरी फसलों को तबाह कर दिया था। यही हालात 2005 में किसानों के सामने पैदा हुए थे। 2005 में मिलीबग को नियंत्रित करने के लिए फसलों में अंधाधुंध कीटनाशकों का प्रयोग किया गया था लेकिन महज चार सेंटीमीटर के इस कीट ने उस दौरान कीट वैज्ञानिकों की खूब फजिहत करवाई थी। मिलीबग से प्रकोपित फसलों को किसानों ट्रैक्टर की सहायता से खेत में जोत दिए थे।

नहीं नियंत्रित हो रही सफेद मक्खी

कपास को सफेद मक्खी से बचाने के लिए चार बार कीटनाशक का प्रयोग कर चुका हूं लेकिन सफेद मक्खी का प्रकोप कम होने की बजाये लगातार बढ़ रहा है। पूरी फसल सूख कर काली हो चुकी है। कपास की फसल में बिजाई से लेकर अभी तक खाद तथा पेस्टीसाइड पर लगभग 19000 रुपये खर्च कर हो चुके हैं। अगर फसल की हालात को देखा जाए तो कपास की फसल से महज ८ हजार रुपये की आमदनी की उम्मीद है। यही हालात पिछले वर्ष भी हुए थे। इस प्रकार खेती किसान के लिए लगातार घाटे का सौदा बन रही है। क्योकि खर्च लगातार बढ़ रहा है और उत्पादन कम हो रहा है। कृषि वैज्ञानिकों पूछने पर भी कोई संतुष्ट जवाब नहीं मिल रहा है।
जगविंद्र सिंह, किसान
बरवाला, हिसार 

सफेद मक्खी से परेशान हैं पूरे क्षेत्र के किसान

पिछले वर्ष की तरह इस बार भी कपास में सफेद मक्खी का प्रकोप काफी ज्यादा है। पूरे क्षेत्र में सफेद मक्खी का प्रकोप है। मेरे पास ६ एकड़ में कपास की फसल है लेकिन 6 की 6 एकड़ की फसल खत्म होने की कगार पर है। सफेद मक्खी को नियंत्रित करने के लिए चार बार हिसार की मान्यता प्राप्त दुकान से कीटनाशक खरीदकर स्प्रे कर चुका हूं लेकिन सभी स्प्रे बेअसर साबित हो रहे हैं। अगर फसल के हालात को देखा जाए तो इस समय चार क्विंटल कपास भी मुश्किल से मिल पाएगी।  
विवेकानंद, किसान 
बरवाला, हिसार 

सूख रही हैं फसलें

सफेद मक्खी के कारण कपास की फसलें तबाह हो रही हैं। फसलों को तबाह होते देख किसान आत्महत्या करने पर मजबूर हो चुका है। कृषि अधिकारी भी इसका समाधान नहीं बता पा रहे हैं। सफेद मक्खी के प्रकोप से कपास के पत्ते काले पडऩे लगते हैं और उसके बाद फसल सूखने लगती है।
जोरा सिंह, किसान
जींद

कीटनाशकों के प्रयोग से बढ़ रहा है सफ़ेद मक्खी का प्रकोप 

सफेद मक्खी को नियंत्रित करने के लिए हर वर्ष कीटनाशकों का प्रयोग बढ़ रहा है लेकिन इसके साथ जितनी छेडख़ानी की जाती है यह उतनी ही तेजी से बढ़ रही है। इससे पहले 2001 में अमेरिकन सूंडी तथा 2005 में मिलीबग ने भी इसी तरह तबाही मचाई थी। अब उनका स्थान सफेद मक्खी ने ले लिया है। पिछले तीन वर्षों से लगातार यही परिणाम सामने आ रहे हैं लेकिन जहां-जहां सफेद मक्खी को नियंत्रित करने के लिए कीटनाशकों का प्रयोग नहीं किया गया, वहां इसका कोई दुष्प्रभाव नजर नहीं आया है। इसलिए किसानों को चाहिये कि वह सफेद मक्खी को नियंत्रित करने के लिए कीटनाशकों का प्रयोग करने की बजाए पौधों पर जिंक, डीएपी व यूरिया के घोल का छिड़काव कर पौधों को ताकत देने का काम करें।
डॉ. महावीर शर्मा
कृषि सलाहकार 

मांसाहारी कीट खुद ही कर लेते हैं नियंत्रित 

सफेद मक्खी के प्रौढ़ का जीवन काल 20 से 25 दिन का होता है और यह अपने जीवनकाल में 100 से 125 अंडे देती है। यह पौधे से रस चूसती है। सफेद मक्खी के पेशाब में शुगर होता है। जिस भी पत्ते पर सफेद मक्खी का पेशाब पड़ता है उस पत्ते पर फफूंद लग जाती है और वह पत्ता काला हो जाता है और भोजन बनाना बंद कर देता है। इस कीट को नियंत्रित करने के लिए कीटनाशक की जरूरत नहीं है। इनो, इरो, बीटल नामक मांसाहारी कीट सफेद मक्खी के सबसे बड़े दुश्मन हैं। यह खुद ही इसे नियंत्रित कर लेते हैं। जिस-जिस खेत में कीटनाशक का प्रयोग नहीं हुआ है, वह खेत में सफेद मक्खी का प्रकोप नहीं है लेकिन जहां-जहां कीटनाशकों का प्रयोग किया गया है, वहां-वहां इसका प्रकोप ज्यादा बढ़ रहा है। फसल में मौजूद मांसाहारी कीट इसे खुद ही नियंत्रित कर लेते हैं। किसानों को कीटों को मारने की नहीं, कीटों की पहचान करने की जरूरत है।

रणबीर मलिक, कीटाचार्य किसान
जींद।  

सफेद मक्खी के कारण खराब हो रही फसल को दिखाता बरवाला का एक किसान।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें