शनिवार, 29 नवंबर 2014

बिल्ली करती हैं राजस्व विभाग के रिकार्ड की रखवाली

रिकार्ड को चूहों से बचाने के लिए कर्मचारियों ने पाली तीन बिल्लियां

रिकार्ड रूम में रखा है जींद की रियासत तक का रिकार्ड

बिल्लियों के लिए हर रोज खरीदा जाता है एक लीटर दूध

नरेंद्र कुंडू       
जींद। आज तक सुरक्षा गार्डों को तो किसी विभाग या कार्यालय की रखवाली करते देखा या सुना था लेकिन जींद जिले में एक ऐसा विभाग भी है जिसकी रखवाली बिल्लियां कर रही हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की बिल्डिंग में बने राजस्व विभाग के रिकार्ड रूम में रखे रिकार्ड की रखवाली पिछले दो वर्षों से बिल्लियां कर रही हैं। राजस्व विभाग के कर्मचारियों द्वारा रिकार्ड रूम में रखे गए रिकार्ड को चूहों, छिपकलियों से बचाने के लिए तीन बिल्लियां पाली गई हैं। कर्मचारियों द्वारा बिल्लियों के लिए हर रोज एक लीटर दूध खरीदा जाता है। विभाग के कर्मचारियों की समझदारी के चलते नामात्र के खर्च में बेश कीमती रिकार्ड की सुरक्षा की जा रही है। जिला राजस्व के रिकार्ड रूम में जींद की रियासत के समय का पूरा रिकार्ड रखा हुआ है। पिछले दो वर्षों से तीन बिल्लियां यहां ड्यूटी दे रही हैं।
रिकार्ड रूम में गोद में बिल्ली को बैठाकर काम करते कर्मचारी।
जिला राजस्व के रिकार्ड रूम में जींद की रियासत (1763 ) के समय का रिकार्ड रखा है। इस रिकार्ड रूम में जींद के रियासत बनने से लेकर आज तक का पूरा लेखा-जोखा है। उर्दू में लिखा गया रिकार्ड भी यहां रखा हुआ है। रिकार्ड रूम में कई वर्षों पुराना रिकार्ड रखा होने तथा रिकार्ड काफी ज्यादा होने के कारण चूहों तथा छिपकलियों के कारण रिकार्ड के नष्ट होने की संभावनाएं काफी ज्यादा बनी रहती हैं लेकिन रिकार्ड रूम में कार्यरत कर्मचारियों ने इस रिकार्ड को चूहों तथा छिपकलियों से बचाने के लिए एक अनूठा तरीका निकाला है। इस बेशकीमती रिकार्ड को नष्ट होने से बचाने के लिए यहां के कर्मचारियों द्वारा तीन बिल्लियां पाली गई हैं। यह बिल्लियां 24 घंटे यहां ड्यूटी देती हैं और रिकार्ड रूम में पैदा होने वाले चूहों व छिपकलियों को नियंत्रित करती हैं। पिछले दो वर्षों से यह बिल्लियां यहां ड्यूटी दे रही हैं। इसी के चलते रिकार्ड रूम में रखा रिकार्ड आज भी काफी अच्छी हालत में है।
बिल्ली को दूध पिलाता कर्मचारी।

बिल्लियों के लिए हर रोज खरीदा जाता है एक लीटर दूध

राजस्व विभाग के कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा बिल्लियों पर होने वाला सारा खर्च अपनी जेब से किया जाता है। कर्मचारियों द्वारा बिल्लियों के लिए हर रोज एक लीटर दूध खरीदा जाता है। इस नामात्र के खर्च में राजस्व कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा रिकार्ड रूम में रखे गए बेशकीमती रिकार्ड की सुरक्षा की जा रही है।

चूहों से करती हैं रिकार्ड की सुरक्षा

रिकार्ड रूम में रखे गए रिकार्ड को दिखाते कर्मचारी
राजस्व कार्यालय के रिकार्ड रूम में कार्यरत पटवार मोहरर सत्यवान, बस्ताबरदार सुखदेव शर्मा तथा जसबीर ने बताया कि पिछले दो वर्षों से वह इन बिल्लियों की देखरेख कर रहे हैं। बिल्लियां पूरी तरह से उनके साथ घुल मिल गई हैं और उनके सभी इशारों को अच्छी तरह से समझती हैं। उन्होंने बताया कि यह बिल्लियां एक सजग परहरी की तरह रिकार्ड की देखरेख करती हैं। इन बिल्लियों के कारण रिकार्ड रूम का पूरा रिकार्ड सही सलामत है। हालांकि चूहे पकडऩे के लिए तीन पिंजरे भी रखे गए हैं लेकिन बिल्लियों को यहां रखने के बाद पिंजरों की कोई जरूरत नहीं पड़ी है। उन्होंने बताया कि इस रिकार्ड रूम में जींद रियासत के समय का रिकार्ड रखा हुआ है।







बुधवार, 26 नवंबर 2014

श्री श्री रविशंकर का खाप पंचायतों से आह्वान आदर्श गांव बनाने के लिए करें प्रयास

कहा, ऑनर किलिंग से नहीं खापों का कोई सरोकार
खाप के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्र में शुरू किए जाएंगे कौशल विकास केंद्र
जींद में हुआ खापों और अध्यात्म का ऐतिहासिक मिलन

नरेंद्र कुंडू
जींद। ऑर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक एवं अध्यात्मिक गुरू श्री श्री रविशंकर ने कहा कि ऑनर किलिंग तथा तुगलकी फरमान के लिए देश में खापों की जो छवि खराब हुई है उसे सुधारने के लिए खाप पंचायतें सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर अपना योगदान दें। खाप पंचायतें आदर्श गांव बनाने के लिए प्रयास कर इसकी पहल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऑनर किलिंग तथा तुगलकी फरमानों से खापों का कोई सरोकार नहीं है। श्री श्री रविशंकर मंगलवार को जींद के एक निजी होटल में आयोजित समारोह में खापों के प्रतिनिधियों से रूबरू हो रहे थे। सम्मेलन की अध्यक्षता कंडेला खाप के प्रधान टेकराम कंडेला ने की। सम्मेलन में सर्वजातीय सर्व खाप के संयोजक कुलदीप ढांडा, डीपी वत्स, ओमप्रकाश धनखड़, संतोष दहिया, इंद्र सिंह ढुल, धर्मपाल मलिक, अजय कुमार, सुदेश चौधरी, ओपी मान, राजेंद्र चहल, सुनील गुलाटी आईएएस, रामरत्न कटारिया गुर्जर खाप, मेहर सिंह दहिया सहित प्रदेशभर की भिन्न-भिन्न खापों के प्रतिनिधि मौजूद रहे और सभी ने बारी-बारी अपने विचार रखे।
अध्यात्मिक गुरू श्री श्री रविशंकर ने कहा कि खापों के बारे में उन्हें टीवी पर बहुत कुछ देखा तो उन्हें विश्वास नहीं हुआ कि इस देश में तालिबानी जैसी कोई संस्था है। इसलिए खापों से मिलने की उनकी इच्छा थी। यहां पर खापों से मिलने के बाद उन्हें यह ऐहसास हुआ है कि खापों में तालिबानी जैसी कोई संभावना नहीं है, बल्कि खापें तो सामाजिक कार्यों से समाज को जोडऩे का काम करती हैं। श्री श्री रविशंकर ने कहा कि देश में खापों की जो छवि खराब की गई है उसे सुधारने के लिए खापों को सामाजिक कार्यों को अधिक से अधिक बढ़ावा देना चाहिए। खाप पंचायतें आदर्श गांव बनाकर इस काम को आगे बढ़ा सकती हैं। उन्होंने कहा कि वह भी खापों के साथ
सम्मेलन में खाप प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते श्री श्री रविशंकर 
मिलकर सामाजिक कार्यों को बढ़ावा देना चाहते हैं। वह खापों के साथ मिलकर कौशल विकास केंद्र स्थापित करेंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी जीवन जीने की कला सीखाई जा सके। इससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज संस्कारों के अभाव में युवा पीढ़ी भारतीय मूल्यो से बिछुड़ रही है। देश में धर्मांतरण के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति का ज्ञान जरूरी है। योग व आयुर्वैद भारतीय संस्कृति का ही हिस्सा हैं। योग व आयुर्वैद को गांव तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि फसलों में रासायनिकों के बढ़ते प्रयोग के कारण खान-पान व वातावरण दूषित हो रहा है और जमीन में पोषक तत्व की कमी होने के कारण जमीन बंजर हो रही है। अगर देश को फिर से सोने की चिडिय़ा बनाना है तो सामाजिक कुरीतियों को खत्म करना होगा। दिशाहीन हो रहे युवाओं को दिशा देने के साथ-साथ जैविक खेती को बढ़ावा देने होगा। श्री श्री रविशंकर ने तनाव मुक्त रहने तथा हमेशा हंसते रहने का संदेश दिया। सम्मेलन के समापन पर खाप प्रतिनिधियों द्वारा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एक प्रस्ताव पारित किया गया और सम्मेलन में मौजूद लोगों ने हाथ उठाकर प्रस्ताव का समर्थन किया। सम्मेलन में खाप प्रतिनिधियों ने हिंदू विवाह अधिनियिम 1955 में बदलाव करने की मांग की।  



अनाज मंडियों में नहीं हो रही कृषि मंत्री के आदेशों की पालना

निर्धारित शैड्यूल के अनुसार नहीं होती धान की बोली
कृषि मंत्री के आदेश के बाद भी महज तीन घंटे ही हो पाई बोली
कृषि मंत्री ने हाल ही में मंडी प्रशासन को दिए थे शैड्यूल के अनुसार बोली करवाने के निर्देश

नरेंद्र कुंडू 
जींद। जिले की अनाज मंडियों में धान की फसल की बिक्री के लिए आने वाले किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मार्केट कमेटी प्रशासन पर कृषि मंत्री के आदेशों का भी कोई प्रभाव नहीं है। मार्केट कमेटी प्रशासन के लिए कृषि मंत्री के आदेश बेमानी साबित हो रहे हैं। कृषि मंत्री द्वारा गत 20 नवंबर को मार्केट कमेटी के अधिकारियों को आदेश दिए जाने के बाद भी आदेशों पर अमल नहीं हो रहा है। जिले की अनाज मंडियों में धान की फसल की बोली के लिए कोई शैड्यूल तैयार नहीं किया गया है। अनाज मंडियों में महज दो-तीन घंटे ही मुश्किल से बोली हो पाती है। जबकि कृषि मंत्री द्वारा सुबह 9 से पांच बजे तक शैड्यूल के अनुसार बोली करवाने के आदेश दिए गए हैं। कृषि मंत्री के आदेश जारी करने के दूसरे दिन ही मंत्री के यह आदेश जींद की अनाज मंडी में हवा होते दिखाई दिए। शनिवार को जींद की अनाज मंडी में महज तीन घंटे ही धान की फसल की बोली हो पाई। इस तीन घंटे में महज चार दुकानों तक ही यह बोली पहुंच पाई। इसके अलावा ज्यादातर दुकानों पर खरीदारों द्वारा बिना बोली के ही धान की फसल की खरीद की गई। इससे जहां सरकार व मार्केट कमेटी को फीस का चूना लग रहा है, वहीं किसानों को भी उनकी फसल के उचित भाव नहीं मिल पा रहे हैं।

10 दिन बाद हुई फसल की बोली

किसान सूरजमल  

अनाज मंडी में 11 नवंबर को बासमती धान लेकर आया था। खरीदारों द्वारा बिना बोली किए ही 2300 रुपये का रेट लगाया गया था लेकिन मैने मना कर दिया। इसके बाद खरीदार 2700 रुपये के रेट दे रहा था लेकिन मैं बोली की जिद्द पर अड़ा रहा। 11 नवंबर के बाद आज मेरी फसल की बोली हो पाई है। बोली पर मेरी फसल 2899 के भाव बिकी है। 10 दिन बाद जा कर फसल बिक पाई है। खरीदार बोली करने की बजाए उचंती पर खरीद को ज्यादा महत्व दे रहे हैं।
किसान सूरजमल, गांव शाहपुर निवासी

थोड़ी देर ही चल पाई बोली

किसान ओमप्रकाश  

अनाज मंडी में महज दो या तीन घंटे ही बोली चलती है। इस दौरान सिर्फ तीन-चार ही दुकानों पर ही बोली पहुंचती है। इसके बाद बोली बंद कर दी जाती है। पूरा दिन बोली नहीं हो पाने के कारण सभी दुकानों पर बोली नहीं पहुंच पाती है। इस कारण किसान को मजबूरी वस उचंती पर ही अपनी फसल बेचनी पड़ती है।
किसान ओमप्रकाश, गांव मिर्जपूर निवासी

फसल का नहीं मिल पाया उचित रेट

किसान धूप सिंह   

धान की 1121 किस्म की फसल को बेचने के लिए मंडी में लेकर आया था लेकिन काफी देर इंतजार करने के बाद भी बोली नहीं हो पाई। बाद में बिना बोली के ही 2980 रुपये के रेट में अपनी फसल बेचनी पड़ी। बोली नहीं होने के कारण फसल का उचित भाव नहीं मिल पाया।
किसान धूप सिंह, गांव खांडा निवासी

उचंती पर बेचनी पड़ी फसल

अनाज मंडी में सही तरह से धान की फसल की बोली नहीं हो पाती है।
किसान चुडिय़ा राम  
इसके चलते ज्यादातर किसान उचंती पर ही अपनी फसल बेचने को मजबूर हैं। मैं भी सुबह से अपनी फसल लेकर मंडी में बैठा हुआ हूं लेकिन दोपहर बाद भी बोली शुरू नहीं हो पाई है। सुबह महज दो-तीन घंटे ही धान की बोली हुई थी। इसके बाद दोबारा बोली शुरू नहीं हो पाई है। इसके चलते बिना बोली के उचंती पर ही अपनी फसल बेचनी पड़ी।
किसान चुडिय़ा राम, गांव कंडेला निवासी

महज तीन घंटे ही चल पाई बोली

मंडी में सुबह 11 बजे के लगभग बोली शुरू हुई थी। एक बजे लंच का बहाना बनाकर बोली बंद कर दी। इस
 किसान बलराज  
 दौरान महज तीन-चार दुकानों पर ही बोली हो पाई। अब तीन बज चुके हैं लेकिन बोली दोबारा शुरू नहीं हो पाई है। इसके चलते उचंती पर ही अपनी फसल बेचनी पड़ेगी। इससे पहले भी मैने बिना बोली के ही अपनी फसल बेचनी पड़ी थी।
किसान बलराज, गांव शाहपुर निवासी

सुबह से बोली के इंतजार में बैठा हुआ हूं

किसान सुरेश का फोटो। 

नियमों के अनुसार बोली नहीं होने के कारण सभी दुकानों पर बोली नहीं पहुंच पाती है। इसके चलते ज्यादातर किसानों को उचंती पर ही अपनी फसल बेचनी पड़ती है। सुबह से मैं भी बोली के इंतजार में बैठा हुआ हूं लेकिन बोली नहीं आई है। उचंती पर फसल को खरीदने के लिए खरीदार चक्कर काट रहे हैं। बोली नहीं आने के कारण उचंती पर ही फसल बेचनी पड़ेगी।
किसान सुरेश, गांव श्रीरागखेड़ा निवासी

तीन घंटे में चार दुकानों पर ही पहुंच पाई बोली

शनिवार को जींद की नई अनाज मंडी में 105 नंबर दुकान से सुबह 11 बजे बोली शुरू हुई। इस दौरान बोली 104, 102 व 98 नंबर तक ही हो पाई। इन तीन घंटों में अनाज मंडी की 250 दुकानों में से महज चार दुकानों तक ही बोली पहुंच पाई।

अनाज मंडी में रेस्ट हाउस की तरफ भी नहीं किसानों का रूझान

शहर की अनाज मंडी में किसानों के ठहरने के लिए बनाए गए रेस्ट हाउस की तरफ भी किसानों का रूझान नहीं हो रहा है। इसका कारण यह है कि ज्यादातर किसानों को तो मंडी में बने इस रेस्ट हाउस के बारे में जानकारी ही नहीं। अकसर इस रेस्ट हाउस पर ताला ही लटका रहता है। वहीं मंडियों में साफ-साफाई रखने के लिए भी कृषि मंत्री द्वारा विशेष निर्देश जारी किए गए हैं लेकिन इसके बावजूद भी अनाज मंडी में साफ-सफाई की कोई खास व्यवस्था नहीं है। सड़कों पर जगह-जगह गंदगी पड़ी रहती है।

कृषि मंत्री ने यह दिए हैं आदेश

कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने गत 19 नवंबर को मार्केट कमेटी के उच्च अधिकारियों के साथ हुई मीटिंग के बाद 20 नवंबर को जारी लेटर नंबर 568-573 में आदेश दिए हैं कि प्रदेश की सभी अनाज मंडियों के बाथरूम व टायलेटों की साफ-सफाई की तरफ विशेष ध्यान दिया जाए। अनाज मंडियों में किसानों के रूकने के लिए बनाए गए रेस्ट हाउस का अच्छी तरह से रख-रखाव किया जाए। फसल लेकर मंडी में आने वाले किसानों को मंडी में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अनाज मंडियों के गेट पर ही मंडी में आने वाली फसल की रिकोर्डिंग की जाए ताकि मार्केट फीस में किसी प्रकार की गड़बड़ नहीं हो पाए। फसल की बोली को लेकर किसानों को कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए शैड्यूटल के अनुसार सुबह नौ से शाम पांच बजे तक बोली करवाई जाए।

शैड्यूल में नहीं 9 से पांच का टाइम

मार्केट कमेटी के शैड्यूल में नौ से पांच बजे का कोई टाइम टेबल नहीं है। शैड्यूल के अनुसार का मतलब दिन में दो बार बोली से है और हम दिन में दो बार बोली करवाते हैं। सुबह 11 से एक बजे तक तथा एक घंटे के लंच के बाद दोपहर दो से सायं पांच बजे तक बोली करवाई जाती है।
मनोज दहिया, सचिव
मार्केट कमेटी, जींद
कृषि मंत्री द्वारा मार्केट कमेटी सचिवों को भेजा गया आदेश पत्र। 


अनाज मंडी में धान की फसल की सफाई करते मजूदर।