शुक्रवार, 29 दिसंबर 2017

कलेंडर बदलिए अपनी संस्कृति नहीं

नरेंद्र कुंडू 
जनवरी आने से पहले ही सब नववर्ष की बधाई देने लगते हैं। मानो कितना बड़ा पर्व हो। नया केवल एक दिन ही नहीं कुछ दिन तो नई अनुभूति होनी ही चाहिए। आखिर हमारा देश त्यौहारों का देश है। ईस्वी-संवत् का नया साल एक जनवरी को और भारतीय नववर्ष (विक्रमी संवत्) चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाया जाता है। आइये देखते हैं दोनों का तुलनात्मक अंतर।
1- प्रकृति: एक जनवरी को कोई अंतर नहीं जैसा दिसंबर वैसी जनवरी। वहीं चैत्र मास में चारों तरफ फूल खिल  जाते हैं, पेड़ाें पर नए पत्ते आ जाते हैं। चारों तरफ हरियाली मानो प्रकृति नया साल मना रही हो।
2- मौसम, वस्त्र: दिसंबर व जनवरी में वही वस्त्र, कंबल, रजाई, ठिठुरते हाथ पैर लेकिन चैत्र मास में सर्दी जा रही होती है, गर्मी का आगमन होने जा रहा होता है।
3- विद्यालयों का नया सत्र: दिसंबर-जनवरी में वही कक्षा, कुछ नया नहीं। जबकि मार्च-अप्रैल में स्कूलाें का परिणाम आता है। नई कक्षा, नया सत्र यानि विद्यालयों में नया साल।
4- नया वित्तीय वर्ष: दिसंबर- जनवरी में कोई खातों की क्लोजिंग नहीं होती। जबकि 31 मार्च को बैंकों की क्लोजिंग होती है। नए बही खाते खोले जाते हैं। सरकार का भी नया सत्र शुरू होता है।
5- कलैंडर: जनवरी में नया कलैंडर आता है। चैत्र में नया पंचांग आता है। उसी से सभी भारतीय पर्व, विवाह और अन्य महूर्त देखे जाते हैं। इसके बिना हिंदू समाज जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकता।
6- किसानों का नया साल: दिसंबर-जनवरी में खेतों में वही फसल होती है। जबकि मार्च-अप्रैल में फसल कटती है। नया अनाज घर में आता है तो किसानों का नया वर्ष और उत्साह होता है।
7- पर्व मनाने की विधि: 31 दिसंबर की रात नए साल के स्वागत के लिए लोग जमकर शराब पीते हैं, हंगामा करते हैं, रात को पी कर गाड़ी चलने से दुर्घटना की सम्भावना, रेप जैसी वारदात, पुलिस प्रशासन बेहाल और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का विनाश। जबकि भारतीय नववर्ष व्रत से शुरू होता है। पहला नवरात्र होता है घर-घर में माता रानी की पूजा होती है। शुद्ध सात्विक वातावरण बनता है।
8- ऐतिहासिक महत्व: एक जनवरी का कोई ऐतिहासिक महत्व नहीं है। जबकि चैत्र प्रतिपदा के दिन महाराज विक्रमादित्य द्वारा विक्रमी संवत् की शुरुआत, भगवान झूलेलाल का जन्म, नवरात्रे प्रारम्भ, ब्रह्मा जी द्वारा सृष्टि की रचना इत्यादि का सम्बंध इस दिन से है। एक जनवरी को अंग्रेजी कैलेंडर की तारीख और अंग्रेज मानसिकता के लोगों के अलावा कुछ नहीं बदला। अपना नव संवत् ही नया साल है। जब ब्रह्माण्ड से लेकर सूर्य-चांद की दिशा, मौसम, फसल, कक्षा, नक्षत्र, पौधों की नई पत्तियां, किसान की नई फसल, विद्यार्थियों की नई कक्षा, मनुष्य में नया रत्तफ़ संचरण आदि परिवर्तन होते हैं। जो विज्ञान आधारित हैं। इसलिए अपनी मानसिकता को बदलें। विज्ञान   आधारित भारतीय काल गणना को पहचानें। स्वयं सोचें की क्यों मनाये हम एक जनवरी को नया वर्ष?

‘प्राचीन भारत का विज्ञान’

नरेंद्र कुंडू 
आज पश्चिम जगत तरह-तरह से दंभ भरता है और नए-नए आविष्कारों को लेकर हर समय अपनी पीठ थपथपाता रहता है। आज पश्चिम को यह गर्व है कि लगभग सभी बड़े आविष्कार उन्हीं ने किये और कहीं ना कहीं बाकी दुनिया को वह हेय दृष्टि से देखते हैं। लेकिन क्या जिन आविष्कारों पर पश्चिमी देश और वैज्ञानिक अपना दावा ठोकते हैं, क्या उन पर वाकई उनका आधिपत्य माना जाना चाहिए? अगर हमारे देश का इतिहास और पौराणिक कथाएं देखें तो उनमें ऐसे बहुत से आविष्कार, यान, सूत्र, सारणी आदि का प्रयोग और उनका ज्ञान दिया गया है, जिसे सुन और पढ़कर आधुनिक विज्ञान भी दांतों तले उंगलियां दबा लेता है। पौराणिक कथाओं में वर्णित ऋषि-मुनि विज्ञान की खोज  पहले उन चमत्कारों को दर्शा चुके थे, जिन्हें विज्ञान अपना आविष्कार मानता है। फर्क बस इतना है कि पहले इन्हें चमत्कारों की श्रेणी में रखा जाता था और अब यह वैज्ञानिक करामात बन गए हैं। वैदिक काल के लोग खगोल विज्ञान का अच्छा ज्ञान रखते थे। वैदिक भारतीयों को 27 नक्षत्रें का ज्ञान था। वे वर्ष, महीनों और दिनों के रूप में समय के विभाजन से परिचित थे। वे अपने यज्ञ तथा अन्य धर्मिक अनुष्ठान ग्रहों की स्थिति के अनुसार शुभ लग्न देखकर किया करते थे। शुभ लग्न जानने के लिए उन्होंने खगोल विज्ञान का विकास किया था। वे सूर्य की उत्तरायण और दक्षिणायन गति से परिचित थे। महाभारत में भी खगोल विज्ञान से सम्बंधित जानकारी मिलती है। महाभारत में चंद्रग्रहण और सूर्यग्रहण की चर्चा है। इस काल के लोगों का ग्रहों के विषय में भी अच्छा ज्ञान था। परन्तु आज भारत की सबसे बड़ी बिड़म्बना यह है कि कुछ कुंठित बुद्धिजीवी इन्हें मात्र कहानी मानते हैं। यह बुद्धिजीवी तो इतने मानसिक रूप से गुलाम बन चुके हैं कि बिना कुछ सोचे-समझे और अध्ययन किये ही इन सबको काल्पनिक करार दे देते हैं। जबकि खुद अब्दुल कलाम ने कई बार कहा है कि उन्हें प्राचीन भारतीय ग्रंथों से मिसाइल बनाने की प्रेरणा मिली थी। अल्बर्ट आइंस्टीन ने भी कई बार प्राचीन भारतीय ग्रंथो की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। कुछ समय पूर्व हिस्टरी चैनल ने यह रहस्योघाटन किया था कि हिटलर प्राचीन भारतीय ग्रंथो पर अध्ययन कर ‘‘टाइम मशीन’’ बनाना चाहता था। यह एक अलग बात है कि किन्हीं कारणों से इनका श्रेय पाश्चात्य वैज्ञानिकों को मिला है। जबकि वास्तविकता यह है कि दुनिया को ज्ञान-विज्ञान भारत की ही देन है।  लेकिन चिंता इस बात की है आज हम अपनी विज्ञान आधारित संस्कृति को भूल कर पश्चिमी संस्कृति की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। पश्चिमी नव वर्ष पर तो हम एक माह पहले बधाइयों के संदेश भेजने शुरू कर देते हैं लेकिन अपने भारतीय नव वर्ष को भूल बैठे हैं। आज हमें अपना कैलेंडर बदलने की जरूरत है, संस्कृति बदलने की नहीं।

बुधवार, 6 दिसंबर 2017

भारत की महान संस्कृति

नरेंद्र कुंडू 
                  किसी भी देश के विकास में उसकी संस्कृति का बहुत योगदान होता है। देश की संस्कृति, उसके मूल्य, लक्ष्य, प्रथाएं उसका प्रतिनिधित्व करते हैं। भारतीय संस्कृति कभी कठोर नहीं रही। इसलिए यह आधुनिक काल में भी गर्व के साथ जिंदा है। ‘अनेकता में एकता’ कोई शब्द नहीं है, बल्कि यह एक ऐसी चीज है जो भारत जैसे सांस्कृतिक और विरासत में समृद्ध देश पर पूरी तरह लागू होती है। कुछ आदर्श वाक्य या बयान, भारत के उस दर्जे को बयां नहीं कर सकते जो उसने विश्व के नक्शे पर अपनी रंगारंग और अनूठी संस्कृति से पाया है। मौर्य, चोल और मुगल काल और ब्रिटिश साम्राज्य के समय तक भारत हमेशा से अपनी परंपरा और आतिथ्य के लिए मशहूर रहा। रिश्तों में गर्माहट और उत्सवों में जोश के कारण यह देश विश्व में हमेशा अलग ही नजर आया। इस देश की उदारता और जिंदादिली ने बड़ी संख्या में सैलानियों को इस जीवंत संस्कृति की ओर आकर्षित किया, जिसमें धर्मों, त्योहारों, खान-पान, कला, शिल्प, नृत्य, संगीत और कई चीजों का मेल है। ‘देवताओं की इस धरती’ में संस्कृति, रिवाज और परंपरा से लेकर बहुत कुछ खास रहा है। ‘भारतीय जीवनशैली प्राकृतिक और असली जीवनशैली की दृष्टि देती है। भारतीय संस्कृति विशाल है व इसमें हर प्रकार के रंग और जीवंतता है। यह देश कई सदियों से सहिष्णुता, सहयोग व अहिंसा का जीवंत उदाहरण रहा है और आज भी है। इसके विभिन्न रंग इसकी विभिन्न विचारधाराओं में मिलते हैं। भारत का इतिहास भाईचारे व सहयोग के उदाहरणों से भरा पड़ा है। इतिहास में अलग-अलग समय में विदेशी हमलावरों के कई वार झेलने के बाद भी इसकी संस्कृति व एकता कभी नहीं हारी और हमेशा कायम रही। समय के साथ चलते रहना भारतीय संस्कृति की सबसे अनूठी बात है। यहां सड़क किनारे शो से लेकर थियेटर में एक अत्यंत प्रबुद्ध नाटक तक सबकुछ कलात्मक है। भारतीय संस्कृति सम्पूर्ण मानव समुदाय के विकास क्रम की सम्यक चेष्टाओं का भंडार है और इसीलिए इसे किसी सीमाओं में नहीं बांधा जा सकता। भारतीय संस्कृति की अपनी विशेषताएं हैं, अपना इतिहास है और अपनी गाथा है। साहित्यकार, कलाकार व कलमकार (पत्रकार) अपनी कला के माधयम से युवा पीढ़ी को भारत की महान संस्कृति के दर्शन करवा कर राष्ट्रहित में अपना योगदान दे सकते हैं।