गुरुवार, 31 जनवरी 2019

बांगर की धरती पर 52 सालों में पहली बार खिला कमल

--भाजपा प्रत्याशी डॉ. कृष्ण मिढ़ा 12935 वोटों से विजयी, लोसुपा प्रत्याशी की जमानत जब्त
--विरोधी दलों ने लगाए ईवीएम में गड़बड़ी के आरोप

 जीत हासिल करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते भाजपा प्रत्याशी डॉ. कृष्ण मिढ़ा।
जींद, 31 जनवरी (नरेंद्र कुंडू):- हरियाणा की सत्ता का सेमीफाइनल माने जा रहे जींद विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा ने भारी मतों से जीत हासिल की है। हरियाणा के इतिहास में 52 सालों में जींद की धरती पर पहली बार कमल खिला है। भाजपा प्रत्याशी डॉ. कृष्ण मिढ़ा ने 12935 वोटों से जीत हासिल कर दिग्गज नेताओं को पटखनी देकर राजनीति के अध्याय में नया इतिहास रचने का काम किया है। इससे पूर्व जींद विधानसभा की सीट पर कांग्रेस व इनैलो का कब्जा रहा है। स्वयं डॉ. कृष्ण मिढ़ा के पिता स्वर्गीय डॉ. हरिचंद मिढ़ा इनैलो की टिकट पर दो बार जींद विधानसभा से विधायक रहे हैं। सत्ता के इस सेमीफाइनल को जीत कर भाजपा ने विरोधी दलों को एक बड़ा संदेश देने का काम किया है। वहीं विरोधियों ने ईवीएम में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। जींद उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सिंह सुरजेवाला जमानत जब्त होने से बाल-बाल बच गए लेकिन लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी प्रत्याशी विनोद आशरी अपनी जमानत नहीं बचा पाए। 
गौरतलब है कि 26 अगस्त को इनैलो विधायक डॉ. हरिचंद मिढ़ा के निधन के बाद जींद विधानसभा की सीट खाली हो गई थी। इसके बाद जनवरी 2019 में चुनाव आयोग द्वारा 28 जनवरी को जींद विधानसभा का उपचुनाव करवाने तथा 31 जनवरी को परिणाम की घोषणा की गई थी। जींद उपचुनाव की घोषणा के बाद सभी राजनीतिक दलों ने इस उपचुनाव में अपने प्रत्याशियों को उतारा था। जींद उपचुनाव को सत्ता का सेमीफाइनल इसलिए माना जा रहा था क्योंकि इस उपचुनाव के परिणाम आगामी विधानसभा चुनाव पर पडऩे हैं। इसलिए जींद उपचुनाव पर हरियाणा ही नहीं पूरे देश की नजरें टिकट हुई थी। जींद उपचुनाव इसलिए भी हॉट सीट बना हुआ था क्योंकि कांग्रेस ने यहां से रणदीप सिंह सुरजेवाला को अपना प्रत्याशी बनाया था और जननायक जनता पार्टी ने दिग्विजय चौटाला को यहां से चुनाव मैदान में उतारा था। रणदीप सिंह सुरजेवाला व दिग्विजय चौटाला के चुनाव मैदान में आने से यह हॉट सीट बन गई थी। इस कड़ी के तहत वीरवार को जींद विधानसभा उपचुनाव के परिणाम घोषित किए गए। इस उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. कृष्ण मिढ़ा ने 12935 वोट हासिल कर जीत हासिल करते हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला व दिग्विजय चौटाला जैसे दिग्गिजों को पटखनी देने का काम किया। हरियाणा के 52 साल के इतिहास में जींद की धरा पर पहली भाजपा ने जीत हासिल की है। भाजपा प्रत्याशी डॉ. कृष्ण मिढ़ा ने जींद की धरती पर कमल खिलाने का काम किया है। वहीं मतगणना के आठवें राऊंड के दौरान मतगणना हाल के अंदर मौजूद प्रत्याशियों द्वारा ईवीएम के सीरियल नंबर नहीं मिलने को लेकर अपना विरोध जताया। इसके चलते लगभग एक घंटे तक मतगणना कार्य प्रभावित हुआ। इसके चलते मतगणना केंद्र के बाहर खड़े विरोधी दलों के समर्थकों ने काफी हंगामा किया, जिन्हें खदेडऩे के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा। 

किस पार्टी को कितने वोट मिले

जींद विधानसभा उपचुनाव के दौरान कुल 130828 वोट ईवीएम व 51 वोट पोस्टल से डाले गए थे। 
भाजपा  50566
जजपा 37631
कांग्रेस 22740
लोसुपा 13582
नोटा 345

1 टिप्पणी: