रविवार, 12 फ़रवरी 2012

प्रदेश में होमगार्ड्स को भत्तों में बढ़ोतरी की सौगात

नरेंद्र कुंडू 
जींद। प्रदेश के होमगार्ड जवानों की किस्मत अब जल्द ही बदलने वाली है। होमगार्ड के जवानों को जल्द ही वेतन भत्तों में बढ़ोतरी की सौगात मिलने जा रही है। होमगार्ड के जवानों को अब प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता 150 रुपए की बजाय 250 रुपए के हिसाब से मिलेगा। इसके अलावा टेÑनिंग भत्ता भी 100 से 250 तथा मासिक भत्ता 40 से 60 रुपए दिया जाएगा। होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस विभाग ने जवानों की समस्याओं को देखते हुए उनके पक्ष में यह हितकारी निर्णय लिया है। विभाग के इस फैसले से प्रदेश के 14025 जवानों को फायदा मिलेगा। आगामी एक अप्रैल 2012 से जवानों को बढ़े हुए भत्तों का लाभ मिलेगा। इसके लिए विभाग के उच्चाधिकारियों ने सभी जिला अनुदेशकों को पत्र जारी कर निर्देश दे दिए हैं। पत्र जारी होने के बाद जवानों में काफी खुशी है।
काफी लंबे समय से आर्थिक तंगी से जुझ रहे होमगार्ड के जवानों के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से वेतन व भत्तों में बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे होमगार्ड के जवानों को अब जल्द ही वेतन व भत्तों में बढ़ोतरी की सौगात मिलने जा रही है। होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस विभाग के वित्तायुक्त द्वारा जिला अनुदेशकों को जारी किए गए पत्र क्रमांक 34/126/88-1एचजी-111 में स्पष्ट किया है कि होम गार्ड के दैनिक व मासिक भत्तों में वृद्धि की जा रही है। अब होम गार्ड को ड्यूटी भत्ते के रूप में 150 की बजाय 250 रुपए, ट्रेनिंग भत्ते में 100 की बजाय 250 रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा जवानों के मासिक भत्ते में भी बढ़ोतरी करते हुए 40 रुपए की बजाय 60 रुपए देने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह आदेश एक अप्रैल 2012 से लागू होंगे। विभाग द्वारा जारी इन आदेशों के बाद होमगार्ड के जवानों में काफी उत्साह है। नए आदेश लागू होने के बाद होमगार्ड के जवानों को काफी राहत मिलेगी। 
अप्रैल से लागू होंगे बढ़े हुए भत्तेमहंगाई के इस दौर में कम वेतन के कारण होमगार्ड के जवान आर्थिक तंगी से जुझ रहे थे। जवानों की परेशानी को देखते हुए विभाग ने उनके दैनिक व मासिक भत्तों में बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। होमगार्ड के दैनिक व मासिक भत्तों की बढ़ोतरी के आदेश उन्हें मिल चुके हैं। विभाग द्वारा जारी किए गए पत्र के अनुसार नए नियम एक अप्रैल 2012 से लागू किए जाएंगे।
बीरबल कुंडू, कमांडेंट
गृह रक्षी एवं सिविल डिफेंस, जींद

कमांडेंट बीरबल कुंडू का फोटो।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें