मंगलवार, 20 मार्च 2012

हाईटेक पंचायत बीबीपुर ने फेसबुक पर दी दस्तक

ग्राम पंचायत बीबीपुर का लोगो।
नरेंद्र कुंडू
जींद।
देश की पहली हाईटेक पंचायत ने अब सोसल साइट्स फेसबुक के माध्यम से दूसरी पंचायतों के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया है। पंचायत द्वारा गांव में होने वाली सभी गतिविधियों को फेसबुक पर डाला जाता है, ताकि प्रदेश के अन्य पंचायतों के सरपंच व पंचों को पंचायतों के अधिकारों के बारे में जागरुक किया जा सके। ग्राम पंचायत का फेसबुक से जुड़ने का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्र के लोगों को गांव में होने वाली गतिविधियों से परिचित करवाना तथा गांव को शहरों की तर्ज पर विकसित करना है। इसके अलावा पंचायत द्वारा फेसबुक पर देश की दूसरी पंचायतों को स्वच्छता कार्यक्रम, मनरेगा स्कीम को कारगर ढंग से लागू करने के टिप्स भी  दिए जा रहे हैं। पंचायत द्वारा फेसबुक पर कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए सेव गर्ल्ज चाइल्ड नाम से एक अलग ग्रुप बनाया गया है। जिस पर इंसान की अंतरात्मा को झकझोर कर रख देने वाले कन्या भ्रूण हत्या विरोधी चित्र व मार्मिक स्लोगन डाले गए हैं।
देश में पहली हाईटेक का दर्ज प्राप्त कर चुकी बीबीपुर पंचायत ने अब फेसबुक पर भी धमाल मचा दिया है। ग्राम पंचायत ने देश में जागरुकता फैलाने तथा शहरी क्षेत्र के लोगों के सामने ग्रामीण आंचल में बसे असली भारत को लाने के लिए सोसल साइट्स को अपना हथियार बनाया है। गांव के सरपंच सुनील जागलान ने बताया कि महात्मा गांधी का एक कहना था कि असल भारत गांव में ही बसता है और उनका यह कथन सत्य है। जब तक गांवों का विकास नहीं होगा, तब-तक देश का विकास संभव नहीं है। इसी उद्देश्य को सफल बनाने के लिए पंचायत ने फेसबुक पर अपना अकाऊंट बनाया है। फेसबुक हर रोज गांव में होने वाली गतिविधियों को अपडेट किया जाता है। उन्होंने बताया कि फेसबुक पर शहरी क्षेत्र के लोग अधिक जुड़े हुए हैं। इसलिए उन्हें फेसबुक के माध्यम से गांव में होने वाली गतिविधियों व गांव के रीति-रिवाजों के बारे में जानने का मौका मिलता है। पंचायत द्वारा 26 जनवारी, 15 अगस्त, 2 अक्टूबर, होली, दीवाली व अन्य सभी  त्योहारों को पूरे रीति-रिवाज के साथ मनाया जाता है और फेसबुक पर गांव में सभय ढंग से मनाय जाने वाले सभी  त्योहारों को फोटो सहित  डाला जाता है। इसके अलावा फेसबुक पर अन्य ग्राम पंचायतों को गांव में स्वच्छता कार्यक्रम व मनरेगा जैसी योजनाओं को कारगर ढंग से लागू करने के लिए विस्तार से जानकारी दी जाती है। ताकि सराकर द्वारा जन कल्याण के लिए शुरू की गई योजनाओं से आम व्यक्ति लाभ उठा सके। पंचायत को फेसबुक पर लोगों से अच्छा रिस्पांश मिल रहा है। फेसबुक पर एक हजार के लगभग लोग उनके साथ जुड़ चुके हैं।
ऊर्जा संरक्षण व मुर्राह नस्ल को बढ़ावा देने के लिए भी शुरू की मुहिम
हाईटेक पंचातय ने अब फेसबुक पर ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। पंचायत ने ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए गांव में शुरू किए गए सौर ऊर्जा संरक्षण प्रोजेक्ट को विस्तार से दर्शाया गया है। पंचायत के इस अभियान में भी  अन्य पंचायतें खास रुचि दिखा रही हैं। इसके अलावा किसानों को खेती के साथ-साथ पशु पालन को व्यवसाय के तौर पर अपनाने के लिए गांव में पशु नस्ल सुधारने के लिए अढ़ाई लाख रुपए की राशि से दो मुर्राह नस्ल के भेंसे खरीदे हैं। ताकि गांव में पशु नस्ल को सुधारा जा सके और किसान पशु व्यवसाय से अधिक से अधिक लाभ अर्जित कर सकें।
 अभियान को सफल बनाने के लिए लिया फेसबुक का सहारा
आज आधुनिक युग के कारण लोग काफी हाईटेक हो गए हैं। आधुनिकता के कारण ही आज किसी भी  अभियान के प्रचार-प्रसार का रास्ता भी काफी आसान हो गया है। इसलिए पंचायत ने अपने अभियान को सफल बनाने के लिए फेसबुक को अपनाया है। फेसबुक से शहरी तबके के लोग काफी जुड़े हुए हैं और जो गांव में होने वाली गतिविधियों में काफी रुचि लेते हैं। शहरी क्षेत्र व उच्च अधिकारियों तक अपने विचार पहुंचाने के लिए ही पंचायत फेसबुक पर गांव में होने वाली सभी गतिविधियों को अपड़ेट करती है और इससे पंचायत को काफी अच्छा रिस्पांश मिल रहा है।
सरपंच सुनील जागलान
ग्राम पंचायत बीबीपुर, जींद

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें