रविवार, 22 जुलाई 2012

कन्या भ्रूण हत्या पर खापों ने सुनाया फतवा

कन्या भ्रूण हत्या करवाने वालों पर दर्ज हो 302 का मुकदमा

नरेंद्र कुंडू 
जींद। आईटी विलेज बीबीपुर में शनिवार को उत्तर भारत की सर्व जातीय सर्व खाप महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में हरियाणा के अलावा दिल्ली व उत्तर प्रदेश की खाप पंचायतों के 100 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने शिरकत की। महापंचायत की अध्यक्षता नौगामा खाप प्रधान कुलदीप रामराये व कार्यकारी चंद्रभान नंबरदार ने संयुक्त रुप से की। पंचायत में विभिन्न खापों से आए प्रतिनिधियों ने कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए अपने-अपने विचार प्रकट किए तथा इस सामाजिक कुरीति को जड़ से उखाड़ने के लिए पांच घंटों तक गहन मंथन किया। सर्व जातीय सर्व खाप महापंचायत के संचालक कुलदीप ढांडा ने महापंचायत का फैसला सुनाते हुए कहा कि महापंचायत उत्तर भारत के लोगों को कन्या भ्रूण हत्या को रोकने का आह्वान करेगी तथा कन्या भ्रूण हत्या करवाने वालों के साथ सख्ती से निपटेंगी। इसके अलावा सरकार से कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए बनाए गए अधिनियम में संसोधन करवाने की मांग करते हुए कन्या भ्रूण हत्या में दोषी पाए जाने वाले के खिलाफ 302 का मुकदमा दर्ज कर सख्त से सख्त कार्रवाई करवाने का प्रस्ताव पास किया गया। इस महापंचायत की सबसे खास बात यह रही कि इसमें महिलाओं को भी पुरुषों के साथ मंच पर बैठने के लिए बराबर स्थान दिया गया।
आईटी विलेज बीबीपुर में 18 जून को पहली महिला ग्रामसभा का आयोजन कर महिलाओं द्वारा कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए प्रस्ताव डाल कर सर्व जातीय सर्व खाप महापंचायत बुलाने की मांग की थी। जिसके तहत शनिवार को गांव में सर्व जातीय सर्व खाप महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में हरियाणा, दिल्ली व उत्तर प्रदेश की विभिन्न खापों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया था इस सामाजिक बुराई को मिटाने के लिए अपने-अपने विचार पंचायत के समक्ष रखे। इस महापंचायत में पुरुषों के साथ-साथ महिला प्रतिनिधियों ने भी शिरकत की तथा कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए अपने सुझाव खाप चौधरियों के सामने रखे। पंचायत के दौरान सभी खाप प्रतिनिधियों ने इस मसले को हल करने के लिए गहन मंथन किया। सभी प्रतिनिधियों के विचार सुनने के बाद इस मामले में ठोस निर्णय लेने के लिए एक 11 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। लेकिन सभी खाप प्रतिनिधियों ने पंचायत द्वारा मंच पर ही किए गए फैसले को अपना समर्थन देकर कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ प्रस्ताव पास करवाने की मांग की। सर्व खाप महापंचायत के संचालक कुलदीप ढांडा ने महापंचायत द्वारा लिया गया फैसला सुनाते हुए कहा कि महापंचायत उत्तर भारत के लोगों को कन्या भ्रूण हत्या को रोकने का आह्वान करेगी। सभी खाप पंचायतें अपने-अपने क्षेत्रों में कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए जागरुकता अभियान चलाएंगी तथा कन्या भ्रूण हत्या करवाने वालों के साथ सख्ती से निपटेंगी। इसके अलावा सरकार से कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए बनाए गए अधिनियम में संसोधन करवाने की मांग करते हुए कन्या भ्रूण हत्या में दोषी पाए जाने वाले के खिलाफ 302 का मुकदमा दर्ज कर सख्त से सख्त कार्रवाई करवाने का प्रस्ताव पास किया गया। महापंचायत में मौजूद सभी प्रतिनिधियों ने हाथ उठाकर कन्या भ्रूण हत्या न करने की शपथ ली। इस अवसर पर पंचायत में 103 वर्षीय वयोवृद्ध समाजसेवी उदय सिंह मान, बाल्याण खाप के प्रधान राकेश टिकैत, भारतीय जाट महासभा के राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर, रामकरण सोलंकी प्रधान पालम 360 खाप दिल्ली, नौगामा खाप प्रधान कुलदीप रामराये, चंद्रभान नंबरदार, देशवाल खाप प्रतिनिधि रामचंद्र देशवाल, कंडेला खाप प्रधान टेकराम कंडेला, राव मान सिंह, सर्व जातीय सर्व खाप महापंचायत की महिला अध्यक्ष डा. संतोष दहिया केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय से उमा अय्यर, मानवाधिकार आयोग के प्रदेशाध्यक्ष मनोज दहिया, सहित अन्य खाप प्रतिनिधि मौजूद थे।

दारा सिंह को दी श्रद्धांजलि

महापंचायत में मौजूद सभी खाप प्रतिनिधियों ने रुस्तम ऐ हिंद व हिंदी सिनेमा के महानायक दारा सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया। पंचायत में मौजूद खाप प्रतिनिधियों व अन्य लोगों ने खड़े होकर दो मिनट का मौन धारण कर स्व. दारा सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कुलदीप ढांडा ने कहा कि दारा सिंह की मृत्यु से देश को गहरा आघात पहुंचा है।
पंचायत में मौजूद खाप प्रतिनिधि।

पंचायत में मौजूद महिलाएं।

पंचायत में मंच पर बैठे खाप प्रतिनिधि।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें