रविवार, 26 जुलाई 2015

कीटनाशकों के प्रयोग से कुदती कीटनाशियों का हो जाता है खातमा

नरेंद्र कुंडू 
बरवाला। जेवरा गांव में महिला किसान खेत पाठशाला का आयोजन किया गया। पाठशाला में जींद जिले की मास्टर ट्रेनर महिला किसान सविता, सुषमा, यशवंती, सीता विशेष रूप से मौजूद रही। पाठशाला में पंजाब से प्रगतिशील किसान अशोक, विनोद ज्याणी सहित फतेहाबाद के किसान भी जानकारी हासिल करने के लिए पहुंचे। पाठशाला के आरंभ में किसानों ने ग्रुप बनाकर पौधों पर मौजूद मांसाहारी तथा शाकाहारी कीटों की गिणती की। बाद में कीटों के आंकलन को चार्ट पर उतारा गया। 
पाठशाला में लैंस से कीटों का अवलोकन करती महिला किसान।
मास्टर ट्रेनर महिला किसानों ने कीटों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आज कपास उत्पादित क्षेत्र में शाकाहारी कीट सफेद मक्खी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और यह स्थिति उन-उन खेतों में ज्यादा सामने आ रही है, जहां-जहां कीटनाशकों का प्रयोग ज्यादा हो रहा है। क्योंकि कीटनाशकों के प्रयोग से फसल में मौजूद कुदरती कीटनाशी खत्म हो जाते हैं। इसके बाद शाकाहारी कीटों को बढऩे के लिए अवसर मिल जाता है। जिन-जिन खेतों में कीटनाशकों का प्रयोग नहीं किया गया है वहां पर सफेद मक्खी नियंत्रण में है।
चार्ट पर कीटों का बही खाता तैयार करती मास्टर ट्रेनर महिला किसान सविता। 
 महिला किसानों ने बताया कि कपास की फसल के मेजर रस चूसक कीट सफेद मक्खी, हरा तेले व चूरड़े को नियंत्रित करने के लिए इस समय फसल में क्राइसोपा, दीदड़ बुगड़ा, डाकू बुगड़ा, बीटल, हथजोड़ा, इनो-इनो काफी संख्या में मौजूद हैं। इनो-इरो परपेटिया कीट हैं और यह सफेद मक्खी के पेट में अपने बच्चे देकर सफेद मक्ख्ी को नियंत्रित करने का काम करती हैं। वहीं डाकू बुगड़ा, क्राइसोपा, बीटल इसके बच्चों को खाकर नियंत्रित करने का काम करती हैं। इस प्रकार यह मांसाहारी कीट इन शाकाहारी कीटों को नियंत्रित करने में एक तरह से कुदरती कीटनाशी का काम करते हैं। पंजाब से आए प्रगतिशील किसान अशोक कुमार ने किसानों के साथ अपने अनुभव सांझा करते हुए बताया कि उन्होंने भी जींद जिले की तर्ज पर पंजाब में थाली को जहरमुक्त बनाने के लिए मुहिम चलाई हुई है। वहां के काफी किसानों ने कीट ज्ञान हासिल करने के बाद कपास, सब्जियों व अन्य फसलों में रासायनिक उर्वरकों व कीटनाशकों का प्रयोग बंद कर दिया है। वहां के किसान बिना रासायनिक व कीटनाशकों के प्रयोग के अच्छा उत्पादन ले रहे हैं। 


मांसाहारी कीट क्राइसोपा के बच्चे का फोटो।

मांसाहारी कीट दीदड़ बुगड़े का फोटो। 






कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें