सोमवार, 24 अगस्त 2015

'व्हाइट फ्लाई के प्रकोप से काला पडऩे लगा किसानों का सफेद सोना'

पिछले वर्ष हुई प्राकृतिक आपदा के बाद अब सफेद मक्खी ने मचाई तबाही
खराब हो रही कपास की फसलों पर किसान चला रहे ट्रेक्टर 

नरेंद्र कुंडू 
जींद। पिछले वर्ष प्राकृतिक आपदा के कारण खराब हुई खरीफ व रबी की फसलों से हुए आर्थिक नुकसान से किसान अभी तक ठीक से उभर भी नहीं पाए थे कि इस बार फिर से किसानों की कपास की फसल सफेद मक्खी (व्हाइट फ्लाई) की भेंट चढ़ गई है। महज तीन मिलीमीटर का यह कीट किसानों के सफेद सोने का भस्मासुर साबित हो रहा है। दिन-प्रतिदिन कपास की फसल पर सफेद मक्खी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सफेद मक्खी ने किसानों के साथ-साथ कृषि विभाग के अधिकारियों की भी नींद उड़ा रखी है। कृषि विभाग के अधिकारी भी इस कीट का तोड़ नहीं ढूंढ़ पा रहे हैं। जिले में लगभग 15 हजार हैक्टेयर कपास की फसल सफेद मक्खी की भेंट चढ़कर खराब हो चुकी है। सफेद मक्खी के प्रकोप से अपनी कपास की फसल को बचाने के लिए किसान महंगे से महंगे कीटनाशकों का प्रयोग कर रहे हैं लेकिन महंगे-महंगे कीटनाशक भी इस पर बेअसर साबित हो रहे हैं। सफेद मक्खी के बढ़ते प्रकोप के कारण किसान अपनी खड़ी कपास की फसल को ट्रैक्टर से नष्ट करने पर मजबूर हैं लेकिन जिन किसानों द्वारा फसलों में कीटनाशकों का प्रयोग नहीं किया गया है, वहां पर कपास की फसल में सफेद मक्खी का प्रकोप बहुत कम है।   
 कपास की फसल को ट्रेक्टर से जोतते किसान।

15 हजार हैक्टेयर चढ़ चुका है सफेद मक्खी की भेंट  

जिले में लगभग ६३ हजार हैक्टेयर में कपास की खेती होती है। उचाना, नरवाना, जुलाना क्षेत्र में कपास की खेती पर किसानों का ज्यादा जोर है लेकिन कपास की फसल में आई सफेद मक्खी ने किसानों की फसलों को बुरी तरह से तबाह कर दिया है। सफेद मक्ख के प्रकोप के कारण 15 हजार हैक्टेयर में खड़ी कपास की फसल बुरी तरह से नष्ट हो गई है।  

2001 में अमेरिकन सूंडी और 2005 में मिलीबग ने मचाई थी तबाही

जब-जब भी कीटनाशकों की सहायता से कीटों को नियंत्रित करने के प्रयास किये गए हैं, तब-तब यह कीट बेकाबू हुए हैं। वर्ष 2001 में अमेरिकन सूंडी तथा 2005 में मिलीबग द्वारा मचाई गई तबाही इसका प्रमाण हैं। 2001 में अमेरिकन सूंडी को काबू करने के लिए किसानों ने कपास की फसलों में 30 से 40 स्प्रे किए थे लेकिन उसके बाद भी यह कीट काबू नहीं हुआ और परिणाम शून्य रहे। इस तीन सेंटीमीटर के कीट ने पूरी की पूरी फसलों को तबाह कर दिया था। यही हालात 2005 में किसानों के सामने पैदा हुए थे। 2005 में मिलीबग को नियंत्रित करने के लिए फसलों में अंधाधुंध कीटनाशकों का प्रयोग किया गया था लेकिन महज चार सेंटीमीटर के इस कीट ने उस दौरान कीट वैज्ञानिकों की खूब फजिहत करवाई थी। मिलीबग से प्रकोपित फसलों को किसानों ने टे्रक्टर की सहायता से खेत जोत दिए थे। इसी प्रकार अब पिछले दो-तीन वर्षों से कपास की फसल में सफेद मक्खी का प्रकोप बढ़ रहा है। 

सफेद मक्खी को नियंत्रित करने में कूदरती कीटनाशी हैं कारगर 

सफेद मक्खी के प्रौढ़ का जीवन काल 20 से 25 दिन का होता है और यह अपने जीवनकाल में 100 से 125 अंडे देती है। यह पौधे से रस चूसती है। सफेद मक्खी के पेशाब में शुगर होता है। जिस भी पत्ते पर सफेद मक्खी का पेशाब पड़ता है उस पत्ते पर फफूंद लग जाती है और वह पत्ता काला हो जाता है और भोजन बनाना बंद कर देता है। इस कीट को नियंत्रित करने के लिए कीटनाशक की जरूरत नहीं है। इनो, इरो, बीटल नामक मांसाहारी कीट सफेद मक्खी के सबसे बड़े दुश्मन हैं। यह मांसाहारी कीट खुद ही इसे नियंत्रित कर लेते हैं। जिस-जिस खेत में कीटनाशक का प्रयोग नहीं हुआ है, उन खेतों में सफेद मक्खी का प्रकोप नहीं है लेकिन जहां-जहां कीटनाशकों का प्रयोग किया गया है, वहां-वहां इसका प्रकोप ज्यादा बढ़ रहा है। फसल में मौजूद मांसाहारी कीट इसे खुद ही नियंत्रित कर लेते हैं। किसानों को कीटों को मारने की नहीं, कीटों की पहचान करने की जरूरत है। 
रणबीर मलिक, कीटाचार्य किसान
जींद।  

पछेती बिजाई वाली फसलों में ज्यादा नुकसान है। 

पछेती बिजाई वाली फसलों में ज्यादा नुकसान है। जिन किसानों ने समय पर कपास की बिजाई की है, वहां पर कम नुकसान है। कुछ किसानों का फसल की बिजाई व रख-रखाव की मैनेजमेंट सही नहीं है। मैनेजमेंट सिस्टम गड़बड़ाने के कारण फसल में नुकसान होता है। जहां-जहां नुकसान हुआ है, वहां-वहां सर्वे करवाया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट के बाद हकीकत सामने आ पाएगी। किसानों को जागरूक करने के लिए कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। किसानों को चाहिए कि फसल में कीटनाशकों का ज्यादा प्रयोग नहीं करें। कीटनाशकों के ज्यादा प्रयोग के कारण भी सफेद मक्खी को पनपे का अवसर मिल जाता है। 
डॉ. आरपी सिहाग, जिला कृषि उपनिदेशक
कृषि विभाग जींद


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें