सोमवार, 7 सितंबर 2015

बीटी कपास के जर्रे-जर्रे में होता है जहर

कीटों के मामले में बीटी से ज्यादा सुरक्षित है अमेरिकन व देशी कपास

नरेंद्र कुंडू
बरवाला/जींद।
कीटाचार्य महिला किसान अंग्रेजो, राजवंती, बीरमती, गीता तथा केलो ने कहा कि शाकाहारी कीटों के मामले में बीटी की बजाए अमेरिकन कपास काफी सुरक्षित है। इस बार अमेरिकन कपास की बजाए बीटी कपास में कीटों का प्रकोप काफी ज्यादा है। जहां-जहां पेस्टीसाइड का प्रयोग नहीं हुआ है, वहां-वहां कपास की फसल कीटों के मामले में सुरक्षित है। कीटाचार्य महिला किसान शनिवार को बरवाला के जेवरा गांव में आयोजित किसान खेत पाठशाला में मौजूद किसानों को संबोधित कर रही थी। इस अवसर पर हिसार के जिला बागवानी अधिकारी डॉ. बलजीत भ्याण भी मौजूद रहे। इस मौके पर अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से कीटाचार्य महिला किसानों को 500-500 रुपये आर्थिक सहायता मुहैया भी करवाई गई।
कपास की फसल में कीटों का अवलोकन करती महिला किसान।
कीटाचार्य महिला किसानों ने कहा कि प्राकृतिक द्वारा पैदा किए गए प्रत्येक जीव का अपना महत्व है लेकिन आए दिन प्राकृतिक के साथ हो रही छेड़छाड़ के कारण प्राकृतिक का तालमेल गड़बड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि बीटी को कीड़ों के मामले में सबसे सुरक्षित माना जाता था लेकिन अगर आंकड़ों पर ध्यान दिया जाए तो बीटी में ही सबसे ज्यादा कीट इस समय मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि बीटी के जर्रे-जर्रे में जहर है और यह जहर पत्ते चबाकर खाने वाले कीटों के लिए खतरनाक है। जबकि रस चूसक कीटों के लिए यह फसल काफी सुरक्षित मानी जाती है। उन्होंने आंकड़ों की तरफ इशारा करते हुए बताय कि अमेरिकन कपास में सफेद मक्खी की संख्या प्रति पत्ता तीन, तेले व चूरड़े की शून्य तथा माइट 10 है। वहीं बीटी में सफेद मक्खी की संख्या प्रति पत्ता नौ, तेले व चूरड़े की शून्य तथा माइट की शून्य प्वाइंट पांच है। उन्होंने बताया कि जिन-जिन फसलों में कीटनाशकों का प्रयोग नहीं किया गया, उस फसल में सफेद मक्खी का प्रकोप नामात्र है। उन्होंने बताया कि कीटनाशकों के प्रयोग से फसल में मौजूद कूदरती कीटनाशनी यानि के मांसाहारी कीट मारे जाते हैं। मांसाहारी कीटों के खत्म होने के कारण शाकाहारी कीटों की संख्या बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि इस समय कपास की फसल में सफेद मक्खी व दूसरे शाकाहारी कीटों को नियंत्रित करने के लिए इनो, इरो, छैल मक्खी, ड्रेगनफ्लाई, दीदड़ बुगड़ा, डाकू बुगड़ा, बीटल तथा क्राइसोपा जैसे मांसाहारी कीट मौजूद हैं। इनो-इरो सफेद मक्खी के पेट में अपने बच्चे पलवाती हैं तो डे्रगनफ्लाई, छैल मक्खी इसके प्रौढ़ का उड़ते हुए शिकार करती हैं। वहीं डाकू बुगड़ा व दीदड़ बुगड़ा सफेद मक्खी के बच्चों का ख्ूान चूसकर इसको नियंत्रित करते हैं तो बीटल व क्राइसोपा सफेद मक्खी के बच्चों का काम तमाम कर देते हैं। इसलिए हमें कीटों को मारने की नहीं उनको पहचानने की जरूरत है।


 कीटाचार्य किसानों को प्रोत्साहन राशि भेंट करते जिला बागवानी अधिकारी डॉ. बलजीत भ्याण।





कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें