सोमवार, 7 सितंबर 2015

'कीट ज्ञान पर कृषि वैज्ञानिकों के साथ सीधे सवाल-जवाब करेंगी कीटों की मास्टरनी'

दूरदर्शन में किसान प्रश्र मंच कार्यक्रम में होगी कीट ज्ञान पर चर्चा

आठ सितंबर को निडाना पहुंचेगी दिल्ली दूरदर्शन की टीम

नरेंद्र कुंडू
जींद।
कीट ज्ञान की मुहिम से जुड़ी कीटों की मास्टरनी अब कीट ज्ञान पर कृषि वैज्ञानिकों के साथ सीधे सवाल-जवाब करेंगी। दिल्ली दूरदर्शन पर प्रशारित होने वाले किसान प्रश्र मंच कार्यक्रम में कीटाचार्य महिला एवं पुरुष किसान कृषि वैज्ञानिकों के साथ विशेष रूप से चर्चा करेंगे। आगामी आठ सितंबर को कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग के लिए दिल्ली दूरदर्शन की टीम निडाना पहुंचेगी। कार्यक्रम के दौरान कीटाचार्य महिला तथा पुरुष किसान कृषि विशेषज्ञों के बीच सीधे सवाल-जवाब होंगे। लगातार दो घंटे तक कृषि विशेषज्ञों तथा कीटाचार्य किसानों के बीच कीट ज्ञान पर बहस चलेगी। कार्यक्रम में एनसीआईपीएम दिल्ली के कृषि विशेषज्ञ तथा जिले के कृषि अधिकारी भाग लेंगे।
फसलों में लगातार बढ़ते कीटनाशकों के प्रयोग के कारण किसान की जेब पर बढ़ रहे आर्थिक बोझ तथा दूषित हो रहे खान-पान को देखते हुए कीट साक्षरता के अग्रदूत डॉ. सुरेंद्र दलाल द्वारा जींद जिले के निडाना गांव से वर्ष 2008 में खेती को जहरमुक्त बनाने के लिए कीट ज्ञान की मुहिम की शुरूआत की गई थी। ताकि फसलों में बढ़ते कीटनाशकों व रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग को कम कर थाली में बढ़ रहे जहर के स्तर को कम किया जा सके। डॉ. सुरेंद्र दलाल के नेतृत्व में दर्जनभर गांव से ज्यादा किसान इस मुहिम से जुड़े और इन किसानों ने फसल में मौजूद मांसाहारी तथा शाकाहारी कीटों पर अपना शोध किया। शोध के दौरान किसानों ने पौधे के साथ मांसाहारी तथा शाकाहारी कीटों का क्या रिश्ता है और यह फसल में कीट क्यों आते हैं तथा फसल पर इनका क्या प्रभाव पड़ता है, इस विषय पर बारिकी से जानकारी जुटाई। शोध के दौरान किसानों के सामने आया कि कीटों तथा पौधे का आपस में गहरा रिश्ता है। पौधे समय-समय पर अपनी जरूरत के अनुसार भिन्न-भिन्न किस्म की गंध छोड़कर कीटों को बुलाते हैं। पुरुषों के साथ-साथ महिला किसान भी कंधे से कंधा मिलाकर इस मुहिम को आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं। पिछले सात-आठ वर्षों से यह किसान बिना कीटनाशकों के प्रयोग के अच्छी पैदावार लेकर थाली को जहरमुक्त बनाने का अभियान चलाए हुए हैं। इसी विषय पर कृषि वैज्ञानिकों तथा किसानों की राय जानने के लिए दिल्ली दूरदर्शन की टीम द्वारा आगामी आठ सितंबर को निडाना गांव में एक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के दौरान लगातार दो घंटे तक किसानों तथा कृषि विशेषज्ञों के बीच कीट ज्ञान के विषय पर बहस होगी। कीटाचार्य किसान कृषि विशेषज्ञों से सीधे सवाल-जवाब करेंगे। बाद में दिल्ली दूरदर्शन द्वारा किसान प्रश्र मंच कार्यक्रम के माध्यम से इसका प्रसारण किया जाएगा।

एक-एक घंटे के दो प्रोग्राम होंगे रिकार्ड

दिल्ली दूरदर्शन की टीम द्वारा आठ सितंबर को कीट ज्ञान की मुहिम से जुड़े पुरुष तथा महिला किसानों के दो कार्यक्रम रिकार्ड किए जाएंगे। इसमें एक घंटे का कार्यक्रम पुरुष किसानों का होगा तथा दूसरा एक घंटे का कार्यक्रम महिला किसानों का होगा। दूरदर्शन की टीम द्वारा एक-एक घंटे के दो कार्यक्रम रिकार्ड किए जाएंगे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें