गुरुवार, 10 जनवरी 2019

राजनीतिक दलों ने नामांकन भरने से पहले शहर में किया शक्ति प्रदर्शन


भाजपा से डॉ. कृष्ण मिढ़ा, जजपा से दिग्विजय चौटाला, कांग्रेस से रणदीप सिंह सुरजेवाला व अंशुल सिंगला ने निर्दलिय के तौर पर किया नामांकन

जींद, 10 जनवरी (नरेंद्र कुंडू):-  आगामी 28 जनवरी को जींद उपुचनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही जींद में सियासत का पारा चढ़ गया है। 10 जनवरी को नामांकन का अंतिम दिन होने के चलते सभी राजनीतिक दलों ने नामांकन से पहले शहर में अपना शक्ति प्रदर्शन किया और शक्ति प्रदर्शन के बाद लघु सचिवालय में पहुंच कर अपना नामांकन भरा। नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की कोई अव्यवस्था नहीं हो इसके लिए प्रशासन द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए थे। इसके लिए प्रशासन की तरफ से दो ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश कौथ तथा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी नरवाना राजेश टिवाना को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। वहीं गोहाना रोड से लघु सचिवालय को आने वाले रास्ते पर बैरिगेट्स लगाए गए थे। उम्मीदवार के अलावा अन्य किसी भी वाहन को लघु सचिवालय में जाने की अनुमति नहीं थी। 10 जनवरी को नामांकन के अंतिम दिन भाजपा के उम्मीदवार डॉ. कृष्ण मिढ़ा, जजपा के उम्मीदवार दिग्विजय चौटाला, कांग्रेस के उम्मीदवार रणदीप सिंह सुरजेवाला, इनैलो से जिला परिषद के उपप्रधान उम्मेद सिंह रेढ़ू ने अपना नामांकन दाखिल करवाया। वहीं कांग्रेस की टिकट पर दावेदारी जताने वाले पूर्व मंत्री बृजमोहन सिंगला के पुत्र अंशुल सिंगला ने भी निर्दलिय प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने से पूर्व भाजपा प्रत्याशी डॉ. कृष्ण मिढ़ा ने शहर के रानी तालाब से लेकर लघु सचिवालय तक भारी काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके साथ भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, प्रदेश के शिक्षा मंत्री रामबिलाश शर्मा, सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक, परिवहन मंत्री कृष्ण पवार, उचाना विधायक प्रेमलता, जिलाध्यक्ष अमरपाल राणा सहित पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी भी साथ थे। वहीं रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कांग्रेस भवन से लेकर लघु सचिवालय तक अपना शक्ति प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, कुलदीप बिश्रोई, किरण चौधरी, पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल, कैप्टन अजय यादव सहित कांग्रेस के कई दिग्गज नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला का नामांकन दाखिल करवाने पहुंचे। इनैलो प्रत्याशी उम्मेद सिंह रेढ़ू का नामांकन करवाने के लिए नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला, अशोक अरोड़ा, बसपा के प्रदेश प्रभारी प्रकाश भारती सहित अन्य कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं जजपा के प्रत्याशी दिग्विजय का नामांकन दाखिल करवाने के लिए सांसद दुष्यंत चौटाला, प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह, केसी बांगड़ सहित पार्टी के अन्य सभी वरिष्ठ पदाधिकारी साथ मौजूद रहे।   

माटी का कर्ज उतारने के लिए पार्टी ने दिया मौका

जींद का उपचुनाव जींद के विकास के लिए लड़ा जाएगा। यह चुनाव हरियाणा में नई बयार का चुनाव है। जींद की जनता के आशीर्वाद से जींद को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा। जींद उपचुनाव से खट्टर सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। कैथल, हिसार, भिवानी, रोहतक की तर्ज पर जींद का विकास करवाया जाएगा। इनैलो व जजपा खट्टर सरकार की ए-बी टीम हैं। यह दोनों पार्टी हरियाणा के विकास की बजाए तानाशाही, तोडफ़ोड़, मारने-काटने की बाते करती हैं। वहीं भाजपा सरकार ने भी हरियाणा को जलाने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी ने जींद की माटी का कर्ज उतारने के लिए उन्हें मौका दिया है। वह जींद की जनता के आशीर्वाद से इस चुनाव में जीत दर्ज करवा कर जींद के विकास के लिए कार्य करेंगे।
रणदीप सिंह सुरजेवाला, उम्मीदवार कांग्रेस पार्टी

जींद की जनता 10 माह के लिए मुझ पर विश्वास करके देखे

जींद की धरती को राजनीति का गढ़ माना जाता है। उन्होंने अपनी पार्टी की घोषणा भी जींद की धरती से ही की थी। यह चुनाव उनका पहला चुनाव है इसलिए वह जींद की जनता से अपील करेंगे की आगामी 10 माह के लिए जींद की जनता उन पर विश्वास करके देखे। इन 10 माह में जींद के लिए करवाए गए विकास कार्यों के बूते वह आगामी विधानसभा चुनाव में जनता के बीच वोट मांगने के लिए आएंगे। उन्हें जींद की जनता पर पूरा विश्वास है। जींद की जनता से उन्हें सिरसा की जनता से भी ज्यादा प्यार मिला है। दुष्यंत की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा कर कांग्रेस ने जींद उपचुनाव में रणदीप सिंह सुरजेवाला को मैदान में उतार कर सबसे बड़ा दाव खेला है। ताकि वह दुष्यंत को कमजोर कर सकें।
दिग्विजय चौटाला, उम्मीदवार जननायक जनता पार्टी

बाहरी उम्मीदवारों को नहीं स्वीकार करेगी जींद की जनता

उन्होंने पूरी निष्ठा व ईमानदारी से पार्टी की सेवा की है। पार्टी की सेवा व ईमानदारी को देखते हुए पार्टी ने उन्हें चुनाव मैदान में उतारा है। जींद की जनता ने उन्हें जिला परिषद की सीट पर विजयी बनाकर जिला परिषद में भेजने का काम किया है। अब जींद की जनता उन्हें विधानसभा में भेजने का काम करेगी। जजपा व कांग्रेस के पास चुनाव लडऩे के लिए कोई मजबूत चेहरा नहीं था। इसलिए कांग्रेस ने कैथल से उम्मीदवार को इम्पोर्ट किया है और जजपा ने जींद के स्थानीय कार्यकर्ता पर विश्वास करने की बजाए अपने परिवार के सदस्य को ही टिकट दिया है। कांग्रेस व जजपा दोनों पार्टियों के उम्मीदवार बाहरी हैं और जींद की जनता इन बाहरी उम्मीदवारों को स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा के पास भी अपना कोई उम्मीदवार नहीं था। इसलिए भाजपा ने भी इनैलो के कार्यकर्ता को अपने साथ शामिल कर उस पर ही दाव खेला है। जींद उपचुनाव में इनैलो पार्टी की जीत पक्की है। पिछली दो योजना में भी इनैलो के उम्मीदवार ने जींद में अपनी जीत दर्ज करवाई है।
उम्मेद सिंह रेढ़ू, उम्मीदवार इनैलो

भाजपा के विकास कार्यों पर अपनी मोहर लगाएगी जींद की जनता

जींद उपचुनाव में जींद की जनता भाजपा सरकार द्वारा करवाए गए विकास कार्यों पर अपनी मोहर लगाएगी। उनके पिता जी स्वर्गीय डॉ. हरिचंद मिढ़ा ने जींद की जनता की निस्वार्थ भाव से सेवा की थी। इसलिए जींद की जनता ने उन्हें दो बार यहां से विधायक बनाने का काम किया था। उनके पिता के साथ-साथ वह भी पिछले 10 वर्षों से लोगों के बीच रहकर जनता की सेवा करने का काम कर रहे हैं। इसलिए इस उपचुनाव में भाजपा की जीत पक्की है। बाहरी उम्मीदवारों को जींद की जनता किसी भी कीमत पर अपना वोट नहीं देगी क्योंकि इन उम्मीदवारों को केवल चुनाव के समय ही उनकी याद आती है। भाजपा के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चुनाव लड़ेंगे।
डॉ. कृष्ण मिढ़ा, उम्मीदवार भाजपा

नामांकन दाखिल कर दिया है पार्टी के आदेश के बाद लेंगे फैसला

कांग्रेस की सीट पर उनकी दावेदारी काफी मजबूत थी लेकिन किसी कारण से पार्टी से उन्हें टिकट नहीं मिल पाई है। हमने अपना नामांकन दाखिल करवा दिया है बाकि पार्टी के जो आदेश मिलेंगे उसके बाद फैसला लिया जाएगा।
अंशुल सिंगला, उम्मीदवार निर्दलिय
रणदीप सिंह सुरजेवाला

दिग्विजय चौटाला 

डॉ. कृष्ण मिढ़ा 

उम्मेद सिंह रेढू 

अंशुल सिंगला

भाजपा प्रत्याशी डॉ. कृष्ण मिढ़ा का नामांकन दाखिल करवाने के लिए जाते शिक्षा मंत्री, सांसद रमेश कौशिक, विधायक प्रेमलता व अन्य भाजपा नेता। 






 









कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें