शुक्रवार, 15 मार्च 2019

इस बार हरियाणा में रोचक होंगे चुनावी मुकाबले

खेल जगत, फिल्मी सितारे व केंद्रीयी मंत्री चुनावी रण के लिए तैयार 

जींद, 15 मार्च (नरेंद्र कुंडू): - राष्ट्रीय राजनीति में अपना पूरा दखल रखने वाले हरियाणा में इस बार रोचक चुनावी मुकाबले होने के आसार हैैं। छठे चरण में चुनाव की वजह से हालांकि राजनीतिक दल अपनी-अपनी पार्टियों के उम्मीदवारों का ऐलान देर से कर सकते हैैं, लेकिन टिकट के तलबगारों ने अपने प्रयासों में कोई कमी नहीं छोड़ रखी है। इस बार के चुनाव में कई बड़े चेहरे हरियाणा में वोट मांगते दिखाई दे सकते हैैं। इनमें खेल जगत और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी हस्तियां भी शामिल हैैं। राज्य की 10 लोकसभा सीटों पर 12 मई को वोट पड़ेंगे। नामांकन भरने की आखिरी तारीख 23 अप्रैल है। फिलहाल सात लोकसभा सीटों पर भाजपा, एक पर कांग्रेस, एक इनेलो और एक सीट पर जननायक जनता पार्टी (पूर्व में इनेलो) का कब्जा है। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा और हजकां के बीच राजनीतिक गठजोड़ था, जो विधानसभा चुनाव में टूट गया था। भाजपा के हिस्से में तब आठ लोकसभा सीटें आई थी, जिनमें से वह रोहतक छोड़कर बाकी सात सीटें जीत गई थी और हजकां अपने हिस्से की हिसार व सिरसा लोकसभा सीटें हार गई थी। रोहतक में कांग्रेस के दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने बाजी मारी। हिसार में जेजेपी के दुष्यंत चौटाला और सिरसा में इनेलो के चरणजीत सिंह रोड़ी सांसद हैैं। भाजपा इस बार किसी भी दल के साथ गठबंधन के मूड में नहीं है। मिशन 2019 फतेह करने के लिए वह 10 में से आठ सीटों पर नए चेहरे उतारेगी। गुरुग्राम से केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत और फरीदाबाद से केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर का चुनाव लडऩा तय है। केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी की निगाह इस बार करनाल लोकसभा सीट पर है। कुरुक्षेत्र में अपनी पार्टी के सांसद राजकुमार सैनी के बागी हो जाने की वजह से भाजपा उन्हें यहां से चुनाव लड़ाने पर विचार कर रही है, लेकिन मेनका की पसंद करनाल है। पूर्व में सुषमा स्वराज भी करनाल से चुनाव लड़ चुकी हैैं, मगर जीती नहीं। यहां भाजपा नेता चंद्रप्रकाश कथूरिया, शशिपाल मेहता और संजय भाटिया के नाम भी प्रमुख हैैं। केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह अपने आईएएस बेटे बृजेंद्र सिंह को सोनीपत लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ाना चाहते हैैं। पहलवान योगेश्वर दत्त भाजपा और कांग्रेस दोनों के संपर्क में हैैं, जबकि कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अथवा उनकी धर्मपत्नी आशा हुड्डा के भी चुनाव लडऩे की चर्चाएं चल रही हैैं। सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन भी सोनीपत लोकसभा सीट पर अपनी दावेदारी जता रहे हैं। 

रोहतक में दीपेंद्र हुड्डा को घेरने के लिए भाजपा रच रही चक्रव्यूह

रोहतक लोकसभा सीट सभी दलों के लिए काफी अहम हैैं। यहां से कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा मोदी लहर में भी दूसरी बार सांसद बने। भाजपा में पूर्व सेना प्रमुख दलबीर सुहाग, क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और अभिनेता रणदीप हुड्डा के नाम चल रहे हैैं। सहवाग चुनाव नहीं लडऩे का संकेत दे चुके हैैं। कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा के मुकाबले भाजपा राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर, ओमप्रकाश धनखड़ अथवा वीर कुमार यादव में से किसी एक को उतार सकती है।

भिवानी में जनरल वीके सिंह और गीता फौगाट के नाम

भिवानी लोकसभा सीट पर भाजपा केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह के नाम पर विचार कर रही है। जननायक जनता पार्टी की ओर से खेल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष महावीर फौगाट की बेटी गीता फौगाट को भिवानी के रण में उतारा जा सकता है। कांग्रेस यहां पूर्व सांसद श्रुति चौधरी के साथ-साथ उनकी मां विधायक दल की नेता किरण चौधरी के नाम पर भी विचार कर रही है। हिसार के चुनावी रण में हालांकि जेजेपी से दुष्यंत चौटाला के लडऩे की संभावनाएं जताई जा रही हैैं, मगर दुष्यंत या दिग्विजय की बजाय उनकी विधायक मां नैना सिंह चौटाला के यहां दस्तक देने की अधिक चर्चाएं चल रही हैैं। कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार कुलदीप बिश्नोई के मुकाबले नैना काफी मजबूत स्थिति में होंगे। हालांकि कुलदीप चाहते हैैं कि उनके बेटे भव्य बिश्नोई हिसार से चुनाव लड़ें।

सिरसा व अंबाला में हंसराज हंस, सैलजा और तंवर के नाम

सिरसा सुरक्षित लोकसभा पर भाजपा में कृष्ण बेदी, सुनीता दुग्गल और सूफी गायक हंसराज हंस के नाम चल रहे हैैं, जबकि अंबाला में मौजूदा सांसद रतनलाल कटारिया की पत्नी बंतो कटारिया का नाम है। यहां से कांग्रेस कुमारी सैलजा को मैदान में उतार सकती है, जबकि सिरसा में अशोक तंवर पर दांव खेला जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें