शनिवार, 11 मई 2019

12 मई को इन मामा-फूफा वालों का एक बटन से बांध देना इलाज : दुष्यंत

कहा, भाजपा ने जात-पात व धर्म के नाम पर देश को बांटने का काम किया
जजपा की सरकार बनने पर जींद को बनाएंगे राजधानी, गोहाना को बनाएंगे जिला

जींद, 10 मई (नरेंद्र कुंडू):- हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस का आधार जिस तरह से गिरा है और भाजपा को जिस तरह से विरोध का सामना करना पड़ रहा है उससे यह साफ हो गया है कि इस लोकसभा चुनाव में हरियाणा में सबसे ज्यादा सीटें जजपा-आप गठबंधन जीतेगा। मोदी केवल अखबारों व टीवी तक सिमट कर रह गया है। जनता में मोदी का कोई प्रभाव नहीं है। भाजपा ने देश को जात-पात व धर्म के नाम पर बांटने का काम किया है। गुजरात में हिंदू को मुस्लमान से, उत्तरप्रदेश में यादव को दूसरी जात के लोगों व हरियाणा में जाट को नॉन जाट से लड़ाने का काम किया है। वहीं कांग्रेस ने अपने शासनकाल में देश में भ्रष्टाचार फैलाने का काम किया था। इसलिए इस चुनाव में जनता इन दोनों पार्टियों को सबक सिखाने का काम करेगी। दुष्यंत चौटाला शुक्रवार को जींद के हुडा ग्राउंड में जजपा व आप गठबंधन के सोनीपत के प्रत्याशी दिग्विजय चौटाला के पक्ष में प्रचार अभियान के दौरान जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।  
दुष्यंत चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा हिसार में अंदर खाते चुनाव जीताने के लिए बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह की मदद कर रहे हैं और बीरेंद्र सिंह रोहतक में दीपेंद्र की मदद कर रहे हैं। इस प्रकार यह दोनों पर्दे के पीछे से अपनी रिश्तेदारी निभा रहे हैं। दुष्यंत ने कहा कि ये दोनों मामा-फूफा वाले म्हारे पाछै पड़ गए हैं। अबकी बार 12 मई को एक बटन से इन मामा-फूफा वालों का इलाज कर देना है। दुष्यंत ने कहा कि आज कुछ लोग उन पर आरोप लगा रहे हैं कि वह भाजपा की बी टीम हैं लेकिन सही मायने में देखा जाए तो भूपेंद्र हुड्डा भाजपा की बी टीम के तौर पर काम कर रहे हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्य सभा चुनाव में स्याही बदल कर भाजपा की मदद की थी। पिछले पांच साल में भूपेंद्र सिंह हुड्डा सीबीआई के डर से एक बार भी प्रधानमंत्री के खिलाफ नहीं बोला। जींद उपचुनाव में भी हुड्डा ने भाजपा नेताओं के साथ मिलकर अपनी ही पार्टी के नेता सुरजेवाला के खिलाफ षडयंत्र रचकर भाजपा की मदद की थी। दुष्यंत ने कहा कि भाजपा के साढ़े चार साल के शासन काल में हरियाणा में चार बार मिल्ट्री बुलानी पड़ी थी। भाजपा ने अपने शासन काल में प्रदेश में जात-पात का जहर फैलाने का काम किया। लोगों को गुमराह करने के लिए मुरथल को बदनाम करने का काम किया। अगर भाजपा के शासन काल की बात की जाए तो सबसे ज्यादा शहीद तो भाजपा के शासन काल में हुए हैं। भाजपा ने दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का काम किया था लेकिन भाजपा के शासन काल में 50 लाख युवा बेरोजगार हो गए। भाजपा ने किसानों की आय दोगुणा करने का वायदा किया था लेकिन भाजपा के शासन काल में किसानों का कर्ज दोगुणा हो गया। दुष्यंत ने कहा कि बीरेंद्र सिंह ने 47 साल जींद के नाम पर राजनीति की और लोगों से बार-बार उसे सीएम बनाने का राग अलापते रहे लेकिन वह मुख्यमंत्री नहीं बन पाए और अब तो वह राजनीति से सन्यास ले चुके हैं। इसलिए अबकी बार लोगों के पास मौका है कि जजपा की सरकार चुनने का काम करें। जजपा की सरकार आने के बाद जींद को राजधानी व गोहाना को जिला बनाने का काम किया जाएगा। डबवाली की विधायक नैना चौटाला ने महिलाओं से आह्वान करते हुए कहा कि 12 मई को चप्पल पहन कर झाडू से सभी विरोधियों का सफाया कर चप्पल के निशान का बटन दबाना है। राज्य सभा सांसद सुशील गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा में बदलाव लाने के लिए जजपा के साथ गठबंधन किया है। भाजपा ने व्यापारियों के व्यापार को खत्म किया तो कांग्रेस ने देश में भ्रष्टाचार फैलाने का काम किया। अब जजपा व आप मिलकर हरियाणा में शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार कर भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम करेंगे। 

हुड्डा कहवै है दिग्विजय तो म्हारी कढ़ी बिगाडऩ आया है।

दुष्यंत चौटाला ने सोनीपत से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेंद्र ङ्क्षसह हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि दिग्विजय के चुनाव मैदान में आने के बाद हुड्डा की नींद उड़ गई है। हुड्डा कहवै है के दिग्विजय तो म्हारी कढ़ी बिगाडऩ आया है। मैं कहूं हूं के कढ़ी तो म्हारे बागडिय़ां में बन्या करै, देशवालिया में कढ़ी कद तै बनन लाग गई। जै हुड्डा ने कढ़ी खानी थी तो कढ़ी तो रोहतक वाले भी खिला देते याड़े ससुराल में कढ़ी खान क्यों आया। 

6 माह पहले बनी पार्टी ने पीएम के छुड़ाए पसीने

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि 6 माह पहले जींद के इसी मैदान में जन्मी पार्टी ने सभी विरोधी दलों की नींद हराम कर दी है। आज हर विपक्षी दल की नजरें जजपा पर है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोहतक की रैली में जजपा पार्टी पर अपनी टिप्पणी की। प्रधानमंत्री की जजपा पर टिप्पणी यह दर्शाती है कि जजपा दिन-प्रतिदिन मजबूत हो रही है। जजपा ने प्रधानमंत्री तक के पसीने छुड़ा दिए हैं। 

हुड्डा ऐसा बादल जो पानी जींद-सोनीपत से लेता है लेकिन बरसता किलोई में जाकर है। 

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि उनके परदादा चौधरी देवीलाल ने जींद के इस ग्राउंड से न्याय युद्ध की शुरूआत की थी और उन्हें सोनीपत से ही पहला चुनाव लड़ा था। यह उनका सौभग्य है कि उन्हें भी सोनीपत से चुनाव लडऩे का मौका मिला है। हुड्डा उन पर आरोप लगा रहा है कि उन्होंने भाजपा से करोड़ों रुपए लेकर सोनीपत से चुनाव लड़ा है जबकि सच्चाई यह है कि हुड्डा भाजपा के साथ सांठगांठ किए हुए है। जींद उपचुनाव में हुड्डा ने सुरजेवाला को नहीं बल्कि भाजपा को वोट डलवाए थे। हुड्डा बदला लेने की बात करता है जबकि हम बदलाव की बात करते हैं। दिग्विजय ने कहा कि हुड्डा तो ऐसा बादल है जब पानी लेने की बात आती है तो पानी जींद व सोनीपत से लेता है और जब बरसने की बात आती है तो किलोई में जाकर बरसता है। दिग्विजय ने कहा कि जजपा के सत्ता में आने के बाद हैबतपुर के पास विधानसभा होगी, पिंडारा के पास सचिवालय होगा और जींद रोड पर मुख्यमंत्री की कोठी बनेगी। दिग्विजय ने कहा कि एमपी दो तरह के होते हैं एक तालियां पीटने वाले और एक काम करने वाले। जब मैं एमपी बनुंगा तो तालियां नहीं पिटूंगा बल्कि संसद में जींद-जींद चिलाउंगा। 
जनसभा को सम्बोधित करते दिग्विजय चौटाला। 

जब जाटों को हुड्डा की जरूरत थी तो हुड्डा ने जाटों को दिखाई पीठ

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि आज चुनाव में हुड्डा को जाटों की याद आई है जब जाटों को हुड्डा की जरूरत थी तो हुड्डा ने जाटों की मदद करने की बजाए जाटों को हमेशा पीठ दिखाने का काम किया। रोहतक में जब चौधरी छोटू राम के नाम से शिक्षण संस्थान बन रहा था तो हुड्डा ने उस शिक्षण संस्थान में भी कोई मदद नहीं की। 
फोटो कैप्शन





कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें