भाजपा के इशारे पर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे वोट काटुओं से सतर्क रहना सफीदों वासियों : दीपेंद्र हुड्डा
--कहा, सुभाष गांगोली को भारी मतों से जीताकर चंडीगढ़ भेज देना मंत्री बनाना मेरा काम--निर्दलीयों पर तंज कसते हुए कहा जो आज हमारे नहीं हुए वो कल हमारे कैसे हो जाएंगेकांग्रेस सरकार बनते ही सफीदों में बनेगा आईएमटी, युवाओं को दूंगा रोजगार : सुभाष गांगोली
नरेंद्र कुंडू
जींद, 27 सितम्बर : कांग्रेसी सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा सरकार को लोकतंत्र के इतिहास की सबसे खराब सरकार करार देते हुए कहा कि बीजेपी ने अपने 10 साल के कार्यकाल में हरियाणा को विकास व खुशहाली के रास्ते से हटाने का काम किया है। अब बीजेपी की इस अत्याचारी, अन्यायी सरकार से पीछा छुड़ाने का समय आ गया है। प्रदेश के कोने-कोने से एक ही आवाज आ रही है भाजपा जा रही है और कांग्रेस आ रही है। दीपेन्द्र हुड्डा शुक्रवार को सफीदों की अनाज मंडी में कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष गांगोली द्वारा आयोजित रैली में मौजूद लोगों को संबोधित कर रहे थे। रैली में हजारों लोगों की भीड़ देखकर दीपेन्द्र हुड्डा गदगद नजर आए और ऐलान किया कि आप रिकॉर्ड मतों से सुभाष गांगोली को जीतकर चंडीगढ़ भेज दो, मैं आपसे वादा करता हूं कि ये चंडीगढ़ से खाली हाथ वापिस नहीं आएंगे। इन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने सुभाष गांगोली को सादगी और शराफत का प्रतीक बताया। इस मौके पर सोनीपत से सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, पूर्व मंत्री राम किशन बैरागी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल शर्मा, गौरव रोहिल्ला व शिवचरण, तेजबीर कुंडू, विक्रम कुंडू सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। रैली में भारी भीड़ थी जिसके कारण पूरा दिन सफीदों में जाम लगा रहा।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सफीदों की जनता से अपील करते हुए कहा कि वोट काटुओं से सावधान रहने की जरुरत है। क्योंकि भाजपा समा चुकी है कि कांग्रेस की सरकार आ रही है इसलिए उन्होंने वोट काटने के लिए अपने एजेंटों को मैदान में उतार दिया है। आप सभी सीधे कांग्रेस को वोट करें। कुछ लोग कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने के लिए चुनाव लडु रहे हैं, इस प्रकार के लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। क्योंकि जो आज हमारे नहीं हुए वह कल हमारे कैसे हो जाएंगे। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने 750 किसानों की जान ली, किसानों पर लाठियां बरसाई, सरपंचों, कर्मचारियों को पीटा, हमारी बेटियों को सड़कों पर घसीटा, ऐसा कोई वर्ग नहीं जिस पर भाजपा सरकार ने लाठियां नहीं बरसवाई हों। इसलिए अब इस तानाशाही सरकार से बदला लेने का समय आ गया है। 5 अक्तूबर को हाथ के सामने का बटन दबाकर भाजपा की लूटेरी सरकार को प्रदेश से चलती करने का समय आ गया है।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोगों को प्रापर्टी आईडी, पोर्टल में उलझा दिया, तो बेरोजगारी झेल रहे हरियाणा के नौजवान को सीईटी, कच्ची भर्ती में उलझा दिया। 2 लाख सरकारी पद समाप्त कर दिए। कौशल रोजगार निगम, अग्निपथ योजना लाकर बिना रिजर्वेशन, बिना मेरिट, बिना पेंशन वाली कच्ची नौकरियों के जंजाल में फंसा दिया। न निजी क्षेत्र में कोई निवेश आया न सरकारी रोजगार मिला। इसका नतीजा ये हुआ कि प्रदेश का नौजवान डंकी के रास्ते पलायन को मजबूर हो गया। भर्ती के नाम पर युवाओं का शोषण किया और तारीख पर तारीख दी। उन्होंने ऐलान किया कि कांग्रेस सरकार आते ही खाली पड़े 2 लाख सरकारी पदों को जॉब कलेंडर के हिसाब से मेरिट पर भरेंगे और युवाओं की ज्वाइनिंग पर ज्वाइनिंग कराएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा बोलती थी कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है। अब ये डबल इंजन फैल हो गया है, इसके सब डिब्बे हट गए हैं। भाजपा केवल प्रदेश को लूटने में डबल रही। भाजपा सरकार अंबानी अडानी की सरकार थी। प्रदेश में अब जल्द ही गरीबों की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि अब आने वाली सरकार ट्रिपल इंजन की सरकार होगी और वो प्रदेश का ट्रिपल विकास करने वाली सरकार होगी।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा व सांसद सतपाल ब्रह्मचारी का स्वागत करते कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष गांगोली व अन्य गणमान्य लोग |
सफीदों को अपराध मुक्त कर, आईएमटी देना मेरा लक्ष्य : सुभाष गांगोली
रैली में उमड़ी भीड़ |
रैली को संबोधित करते हुए सफीदों से कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष गांगोली ने अपने संबोधन में कहा कि वह सफीदों की जनता के अहसानमंद हैं जो इतनी बड़ी संख्या में यहां पहुंचकर उनको आशीर्वाद दिया। गांगोली ने कहा कि नेता संभव काम करते हैं मगर सफीदों के लोगों से वादा करता हूं कि मैं असंभव काम भी आप लोगों के लिए करूंगा। उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही सबसे पहला काम सफीदों को अपराध मुक्त करना है। सफीदों में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं होगी। इसके बाद सफीदों में आईएमटी बनवाकर 50 हजार से ज्यादा बेरोजगार युवाओं को रोजगार देना है। सुभाष गांगोली ने कहा कि सरकार बनते ही सबसे पहले सफीदों में आईएमटी बनवाने का काम किया जाएगा।
भीड़ देखकर भावुक हुए सुभाष गांगोली
रैली में उमड़ी भीड़ को देखकर सुभाष गांगोली भावुक हो गए। सुभाष गांगोली ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भीड़ इस बात की गवाह है कि सफीदों की जनता को उन पर आज भी पूरा विश्वास है। क्योंकि वह विधायक रहते हुए भी जनता के बीच रहे हैं। सुभाष गांगोली ने भावुक होते हुए कहा कि मैं थारे लिए विधायक नहीं हूं। मैं तो थारा सुभाषा था, सुभाषा हूं और सुभाषा रहूंगा।
गांगोली को प्रदेश में सबसे ज्यादा वोटों से जिताओ, मंत्री बनवाना मेरा काम : सांसद
इस मौके पर सोनीपत से सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि रैली में जिस प्रकार भीड़ आई है उससे यह साबित हो गया है कि सुभाष गांगोली 50 हजार वोट से जीतने वाले हैं। उन्होंने कहा प्रदेश में भूपेन्द्र हुड्डा, दीपेन्द्र हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही। सांसद ने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि सुभाष गांगोली को प्रदेश में सबसे ज्यादा वोटों से जीतवाकर चंडीगढ़ भेजने को काम करें और गांगोली को सरकार में मंत्री बनाने को काम हम करेंगे।
रैली में पूर्व मंत्री रामकिशन बैरागी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल शर्मा ने कहा कि सुभाष
गांगोली को 36 बिरादरी के लोगों का दिल से समर्थन मिल रहा है। इसी कारण सुभाष गांगोली रिकार्ड मतों से जीतकर विधानसभा में पहुंचेंगे। उन्होंने सुभाष गांगोली को ईमानदार, नर्म और सामाजिक व्यक्ति बताते हुए कहा कि सफीदों का विकास व तरक्की यही करवा सकते हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें