जींद के इतिहास में पहली बार खिला भाजपा का कमल

जींद, नरवाना, उचाना तथा सफीदों में भाजपा तो जुलाना में कांग्रेस ने मारी बाजी

नरेंद्र कुंडू  
जींद, 8 अक्तूबर : राजनीति की राजधानी माने जाने वाले जींद जिले में भाजपा ने कांग्रेस का सफाया करते हुए कमल खिलाने का काम किया है। जींद जिले की पांच सीटों में से 4 सीटों जींद, सफीदों, उचाना व नरवाना पर भाजपा ने कमल खिलाने का काम किया है। वहीं जुलाना की सीट पर ओलंपियन खिलाड़ी कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फौगाट ने जीत हासिल की है। जींद के इतिहास में पहली बार भाजपा को चार सीटों मिली हैं। इससे पहले भाजपा 2014 में एक बार उचाना में तो दो बार जींद में कमल खिलाने में सफल हुई थी। लेकिन 2024 के चुनाव में भाजपा ने एक साथ चार सीटें जीत कर इतिहास बदलने का काम किया है। इतना ही नहीं जींद जिले की सबसे हॉट सीट उचाना में इस बार पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह के बेटे पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को भाजपा के एक नए चेहरे देवेंद्र अत्री ने पराजित करने का काम किया है। पूर्व उपमंख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला तो अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए हैं। जींद जिले में भाजपा ने अपना सुखा खत्म कर चार सीटों पर कमल खिलाने का काम किया है। जींद से भाजपा प्रत्याशी डॉ. कृष्ण मिढ़ा ने 15860 वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी महावीर गुप्ता को पराजित कर हैट्रीक लगाई है। वहीं सफीदों से भाजपा प्रत्याशी रामकुमार गौतम ने कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष गांगोली को 4037 वोटों से पराजित किया है। उचाना से भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र अत्री ने कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह को 32 वोटों से पराजित कर उचाना में कमल खिलाने का काम किया है। नरवाना से भाजपा प्रत्याशी कृष्ण बेदी ने कांग्रेस प्रत्याशी सतबीर दबलैन को 11499 वोटों से पराजित किया है। नरवाना में भी पहली बार भाजपा जीत दर्ज कर पाई है। वहीं जुलाना ने ओलंपियन खिलाड़ी कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फौगाट ने भाजपा प्रत्याशी कैप्टन योगेश को 6015 वोटों से पराजित किया है।
जीत के बाद रोड शो करती जुलाना से कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फौगाट।

जमानत भी नहीं बचा पाए पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला

उचाना से चुनाव लड़ रहे पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को महज 7920 वोट मिले हैं। दुष्यंत चौटाला उचाना से अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए हैं। दुष्यंत चौटाला की इस हार को उचाना की जनता किसान आंदोलन से जोड़ कर देख रही है। किसान आंदोलन में दुष्यंत चौटाला का भाजपा के साथ बने रहने के कारण उचाना की जनता में काफी आक्रोष चल रहा था।


हैट्रीक लगाने के बाद मीडिया से बातचीत करते जींद से भाजपा प्रत्याशी डॉ. कृष्ण मिढ़ा।
 


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

पिता की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए राजनीति में रखा कदम : धर्मपाल प्रजापत

सेवा भारती संस्था समाज के सहयोग से नि:स्वार्थ भाव से कार्य करती है : डॉ. सुरेंद्र पाल

किसानों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बना ईगराह का मनबीर रेढ़ू