जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली यात्री ट्रेन रेलवे इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत : प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री ने जींद से 14,721 करोड़ रुपये की लागत की 9 परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास

देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, इस ऐतिहासिक पहल से हरियाणा बना हरित परिवहन क्रांति का अग्रदूत

दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे का हरियाणा खंड राष्ट्र को किया समर्पित, अंबाला-काला अम्ब राष्ट्रीय राजमार्ग और कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी किया लोकार्पण

भिवानी तथा कोरियावास (नारनौल) के नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों का किया उद्घाटन

सिख संग्रहालय की रखी आधारशिला, सिख इतिहास, गुरुओं की शिक्षाओं, वीरता और बलिदान का आधुनिक तकनीक के माध्यम से होगा प्रदर्शन

सवेरा न्यूज/नरेंद्र कुंडू 

जींद, 17 जुलाई : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को देशवासियों को बड़ी सौगात देते हुए जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाने सहित 14,721 करोड़ रुपये की लागत की 9 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित ट्रेन के शुभारंभ की इस ऐतिहासिक पहल से हरियाणा हरित परिवहन क्रांति का अग्रदूत बन गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली यात्री ट्रेन रेलवे इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत की। यह सिर्फ एक नई रेल सेवा का शुभारंभ नहीं है, बल्कि हरित परिवहन, स्वदेशी तकनीक, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और सतत विकास की दिशा में भारत की बड़ी उपलब्धि भी है। हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ के साथ हरियाणा देश की हरित परिवहन क्रांति में सबसे


आगे आ गया है। यह परियोजना न केवल अत्याधुनिक तकनीक को अपनाने का उदाहरण है, बल्कि भविष्य की परिवहन तकनीकों को विकसित करने और उन्हें सफलतापूर्वक लागू करने की भारत की बढ़ती क्षमता को भी दिखाती है। हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक से चलने वाली यह ट्रेन पारंपरिक डीजल से चलने वाली ट्रेनों की तुलना में अधिक स्वच्छ, पर्यावरण के अनुकूल और कम कार्बन उत्सर्जन करने वाला विकल्प है। भारतीय रेलवे द्वारा हाइड्रोजन आधारित तकनीक को अपनाना केवल तकनीकी उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह 'मेक इन इंडिया', 'आत्मनिर्भर भारत', 'ग्रीन इंडिया' और 'विकसित भारत-2047' के संकल्प को भी और मजबूत करता है। इस पहल से स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा, जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम होगी और आने वाले वर्षों में रेलवे क्षेत्र में हरित नवाचार के नए रास्ते खुलेंगे। इस अवसर पर उनके साथ राज्यपाल प्रो, असीम कुमार घोष, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिड्ढा उपस्थित रहे।
बॉक्स

सड़क परियोजनाएं की राष्ट्र को समर्पित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा दौरे के दौरान लगभग 9681 करोड़ रुपये की लागत से तैयार दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे का हरियाणा खंड राष्ट्र को समर्पित किया। राष्ट्रीय राजधानी को जम्मू-कश्मीर से जोड़ने वाला यह एक्सप्रेसवे तेज, सुरक्षित व निर्बाध सड़क संपर्क प्रदान करने वाली देश की महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं में से एक है। इसके शुरू होने से हरियाणा के अनेक जिलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, यात्रा समय में कमी आएगी तथा व्यापार, उद्योग, पर्यटन और माल परिवहन को नई गति मिलेगी। साथ ही, प्रधानमंत्री ने लगभग 1184 करोड़ रुपये की लागत से बने 33.81 किलोमीटर लंबे अंबाला-काला अंब राष्ट्रीय राजमार्ग का भी उद्घाटन किया। इस राष्ट्रीय राजमार्ग के चालू होने से हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तर भारत के अन्य क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क और अधिक सुगम होगा। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री द्वारा लगभग 1606 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 40.60 किलोमीटर लंबे जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 135 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले 24.27 किलोमीटर लंबाई के हांसी-बरवाला राष्ट्रीय राजमार्ग का शिलान्यास भी किया। इन सड़क परियोजनाओं से क्षेत्रीय एवं अंतर-जिला संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी।


 बॉक्स

कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र में 372 करोड़ रुपये की लागत से तैयार एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी उद्घाटन किया। इस परियोजना के पूर्ण होने से शहर में लंबे समय से रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी, सड़क यातायात अधिक सुगम होगा तथा रेल और सड़क दोनों की परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी। यह परियोजना आधुनिक शहरी परिवहन अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

बॉक्स

 

भिवानी तथा कोरियावास के नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों का किया उद्घाटन

 

स्वास्थ्य क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगभग 594 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, भिवानी तथा लगभग 844 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज एवं राव तुलाराम अस्पताल, कोरियावास (नारनौल) का उद्घाटन किया। इन संस्थानों के शुरू होने से हरियाणा में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा का विस्तार होगा, एमबीबीएस सीटों की संख्या में वृद्धि होगी तथा क्षेत्र के लोगों को अपने जिले और आसपास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

बॉक्स

 

सिख संग्रहालय की रखी आधारशिला

हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित एवं भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने की दिशा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी। लगभग 164 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाला यह संग्रहालय सिख इतिहास, गुरुओं की शिक्षाओं, वीरता, बलिदान और भारतीय संस्कृति में सिख समुदाय के अमूल्य योगदान को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित करेगा। इससे कुरुक्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान और सुदृढ़ होगी तथा देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए यह एक महत्वपूर्ण आकर्षण का केंद्र बनेगा।

 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

खेल-खेल में बन गया कीटों का मास्टर

महापंचापयत में खापों ने किया किसान-कीट विवाद के समझौते का प्रयास

किसानों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बना ईगराह का मनबीर रेढ़ू