2030 में कामनवैल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा भारत : नरेंद्र मोदी

जींद रैली में रोजगार व युवाओं पर रहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोक्स

--विदेशों के साथ मिलकर भारत में खेलों को दिया जाएगा बढ़ावा  

--हाइड्रोजन  ट्रेन चलने से हरियाणा में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

नरेंद्र कुंडू

जींद, 17 जुलाई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2030 में भारत कामनवैल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा और 2036 में ओलंपिक गेम भारत में हों इसके लिए भारत प्रयासरत है। इसके लिए हमें अपने 12 से 15 वर्ष के बच्चों पर पूरा फोक्स करके हर खिलाड़ी की जोरदार तैयारी करवानी होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जींद में रेलवे स्टेशन पर हाइड्रोजन  ट्रेन का शुभारंभ करने के बाद एकलव्य स्टेडियम में रैली को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव, असीम कुमार घोष, हरियाणा विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्‌ढ़ा भी मौजूद रहे। हरियाणवी कलाकार महावीर गुड्‌डू, नवीन पूनिया, बिंद्र दनौदा, गजेंद्र फौगाट, अमित सैनी ने अपने गीतों के माध्यम से रैली में खूब समां बांधा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले दिनों वह इंडोनेशिया, आस्ट्रेलिया व न्यूजीलैंड के दौरे पर थे तो वहां की सरकार के साथ उनकी स्पोटर्स को लेकर काफी गहन चर्चा हुई। आने वाले दिनों में भारत को स्पोर्ट्स के तौर पर उभारा जाएगा। स्पोर्ट्स के माध्यम से युवाओं को रोजगार मिलेंगे। वर्तमान में भी भारत सरकार की खेलो इंडिया अभियान योजना के माध्यम से खिलाड़ियों को काफी लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज जींद का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। जब हमसे पूछा जाता है कि भारत में पहली ट्रेन कहां चली थी तो मुंबई से ठाने का नाम आता है। ठीक इसी प्रकार भविष्य में जब यह पूछा जाएगा कि भारत में पहली हाइड्रोजन  ट्रेन कहां चली थी तो यह बताया जाएगा कि भारत में पहली हाइड्रोजन  ट्रेन हरियाणा के जींद जिले में चली थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा के जींद से हाइड्रोजन  ट्रेन की शुरुआत होने से रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। हाइड्रोजन  ट्रेन के लिए नए-नए उपकरणों का निर्माण किया जाएगा तो इसके लिए हरियाणा में नए उद्योग स्थापित होंगे और इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज जींद पांच नेशनल हाइवे से कनैक्ट है। इससे जींद के किसानों व पशुपालकों को काफी लाभ मिलेगा। यहां के किसानों व पशुपालकों की बड़ी मंडियों तक पहुंच आसान व सस्ती होगी। इससे हरियाणा व जींद में पर्यटन को भी नए पंख लगेंगे।

ठेठ हरियाणवी अंदाज में राम-राम से की सम्बोधन की शुरुआत, जींद से बताया पुराना नाता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैली के सम्बोधन की शुरुआत ठेठ हरियाणवी अंदाज में राम-राम के सम्बोधन से की और कहा कि जींद से उनका पुराना नाता है। वह अपने प्रचारक काल के दौरान जींद में स्कूटर पर घूमा करते थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि जींद के मुर्राह भैंस के दूध व जींद के घेवर का स्वाद आज भी उन्हें अच्छी तरह से याद है। यहां के दूध व घेवर का स्वाद आज भी नहीं बदला है लेकिन यहां का युवा अब बदल चुका है। जींद का युवा अब भाजपा का हो चुका है।

प्रधानमंत्री ने कहा जींद से आज कुछ मांगने आया हूं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह पिछले सप्ताह भर से सोशल मीडिया के माध्यम से देख रहे हैं कि किस तरह से जींद में सफाई अभियान चल रहा है। यहां के लोग सोशल मीडिया के माध्यम से उनसे आह्वान कर रहे हैं कि मोदी जी आप बार-बार जींद आइए ताकि उनके शहर की सफाई हो सके। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह आज जींद के लोगों से कुछ मांगने आए हैं। जींद के लोग आज यहां से संकल्प लेकर जाएं कि वह जींद को गंदा नहीं करेंगे, स्वच्छता का पूरा ध्यान रखेंगे, स्वच्छता को संस्कार बनाएं ताकि जींद को साफ करने के लिए मोदी का आना जरुरी ना रहे।  

 





टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

खेल-खेल में बन गया कीटों का मास्टर

महापंचापयत में खापों ने किया किसान-कीट विवाद के समझौते का प्रयास

किसानों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बना ईगराह का मनबीर रेढ़ू