शुक्रवार, 1 जून 2012

अब किसान घर पर ही जान सकेंगे मंडी के भाव व मौसम का हाल

किसान क्लब ने किसानों के लिए तैयार की वेबसाइट

नरेंद्र कुंडू
जींद। अब किसानों को मौसम की चिंता नहीं सताएगी। किसान घर बैठे-बिठाए ही प्रदेश की सभी  मंडियों के भावों की जानकारी भी ले सकेंगे। इसके लिए चौ. छोटू राम किसान क्लब घिमाना के सदस्यों द्वारा एक वेबसाइट तैयार की गई है। वेबसाइट पर अंग्रेजी व हिंदी दोनों भाषाओं में जानकारी उपलब्ध करवाई गई है। वेबसाइट के माध्यम से किसान आगामी 5 दिनों तक मौसम में होने वाले परिर्वतन का हाल जान सकेंगे। किसान क्लब द्वारा तैयार की गई वेबसाइट पर मौसम व मंडी के भावों के अतिरिक्त किसानों को फसल की बिजाई से लेकर कटाई तक की पूरी प्रक्रिया व कम लागत से अधिक पैदावार लेने संबंधी जानकारी  उपलब्ध करवाई जाएंगी। किसानों तक जो जानकारियां कृषि विभाग नहीं पहुंचा पा रहा है वह सभी जानकारियां किसान क्लब वेबसाइट के माध्यम से पहुंचाएगा। इसके पीछे क्लब का मुख्य उद्देश्य किसानों को सशक्त बनाना है।
किसान अब कम्प्यूटर के माध्यम से घर बैठे-बिठाए ही कृषि संबंधी सभी जानकारियां हासिल कर सकेंगे। मौसम से लेकर प्रदेश की सभी मंडियों के भावों तक की सारी जानकारी किसानों को एक ही वेबसाइट पर मिल जाएगी। किसानों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चौ. छोटू राम किसान क्लब द्वारा एक वेबसाइट तैयार की गई है। क्लब द्वारा तैयार की गई डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट किसानक्लब डॉट कॉम वेबसाइट किसानों के लिए एक प्रकार से मास्टर ट्रेनर का काम करेगी। इस वेबसाइट से किसान फसल की बिजाई से लेकर कटाई तक की सारी प्रक्रिया तथा फसल में समय-समय पर आने वाली बीमारियां व उनके उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी ले सकेंगे। घटती कृषि जोत को देखते हुए किसानों को कम लागत से अधिक पैदावार लेने के लिए विशेष टिप्स दिए जाएंगे। कृषि विभाग किसानों तक जो जानकारियां नहीं पहुंचा पा रहा है, वह सभी जानकारियां क्लब द्वारा वेबसाइट पर डाली जाएंगी। इस वेबसाइट की एक खास बात यह भी है कि कृषि विभाग मुख्यालय से किसानों के लिए जो योजनाएं लागू की जाएंगी वेबसाइट के माध्यम से उसकी जानकारी भी किसानों को साथ की साथ मिल जाएगी।

वेबसाइट से किसानों को क्या-क्या मिलेगी जानकारियां

चौ. छोटू राम किसान क्लब द्वारा तैयार की गई वेबसाइट पर फसल की बिजाई से लेकर कटाई तक तथा इस दौरान फसल में आने वाली बीमारियां व उनके उपचार। कम लागत से अधिक पैदावार लेने, कृषि विभाग द्वारा किसानों के लिए शुरू की गई योजनाएं, प्रदेश की सभी मंडियों के भाव, उत्तम कृषि उत्पाद लेने के टिप्स, प्रदेश व जिले के मौसम की जानकारी सहित कृषि संबंधी अन्य सभी जानकारियां वेबसाइट पर अपडेट रहेंगी। इस वेबसाइट की सबसे खास बात यह है कि किसान आगामी 5 दिनों तक मौसम में होने वाले परिवर्तन की जानकारी लेकर फसल को मौसम से होने वाले नुकसान से भी बचा सकेंगे तथा मौसम के अनुसार ही फसल में खाद व पानी दे कर अच्छी पैदावार प्राप्त कर सकेंगे। इस प्रकार वेबसाइट के माध्यम से किसान अपडेट रह सकेंगे।
कीटनाशक रहित खेती की जगाएंगे अलख
 किसान क्लब द्वारा तैयार की गई वेबसाइट का फोटो।

किसान क्लब के सलाहकार सुनील आर्य ने बताया कि किसानों को खेती के क्षेत्र में सशक्त करने के उद्देश्य से यह वेबसाइट तैयार की गई है। आर्य ने बताया कि किसान जानकारी के अभाव के कारण फसल में कीटनाशकों का अधिक प्रयोग करने लगे हैं। फसलों में बढ़ते कीटनाशकों के प्रयोग के कारण हमारा भेजना तो जहरिला हो ही रहा है, साथ-साथ पर्यावरण पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पर्यावरण को बचाने व खान-पान को जहर मुक्त करने के लिए किसानों को कीटनाशक रहित खेती के लिए प्रेरित किया जाएगा।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें